सलूम्बर के सराड़ी स्थित राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आयुष्मान आरोग्य मंदिर राजकीय आयुर्वेद औषधालय सराड़ी की टीम ने किया, जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 300 छात्र-छात्राओं को योग और आयुर्वेद की ग्रीष्म ऋतुचर्या के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में चिकित्सक डॉ. अख्तर हुसैन ने गर्मी के मौसम में शरीर को संतुलित रखने के लिए आयुर्वेदिक दिनचर्या के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने छात्रों को सही खानपान, उचित दिनचर्या और पानी के सही उपयोग के बारे में उपयोगी सुझाव दिए। योग प्रशिक्षक वीरेंद्र सिंह सिसोदिया ने योगाभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित योग के लाभ बताए। उन्होंने समझाया कि योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और याददाश्त भी बढ़ती है। कंपाउंडर योगेश कुमार जोशी और आयुष मित्र साक्षी पांडे ने विद्यार्थियों को स्क्रीन टाइम कम करने, आंखों की देखभाल करने और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले संभावित नुकसानों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर, सभी विद्यार्थियों ने योग और आयुर्वेद को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


