गोंडा में एक सड़क हादसे में अयोध्या की गोल्फ कार्ड पार्किंग कंपनी के 30 वर्षीय मैनेजर वीरेंद्र यादव की मौत हो गई है। घटना देर रात नवाबगंज थाना क्षेत्र के शोभापुर गांव के पास हुई, जब पेट्रोल खत्म होने पर वीरेंद्र अपनी मोटरसाइकिल को पैदल लेकर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र यादव अयोध्या से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। नवाबगंज कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो गया। वह अपनी बाइक को पैदल लेकर पेट्रोल डलवाने जा रहे थे, तभी अयोध्या से गोंडा की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर लगने से वीरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नवाबगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
वीरेंद्र यादव नवाबगंज थाना क्षेत्र के लौव्वाबीर स्थित सिंगाराय पुरवा के निवासी थे। वह पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और अपने पीछे पत्नी कौशल्या, सात वर्षीय पुत्र आयुष और पांच वर्षीय पुत्र पीयूष को छोड़ गए हैं। नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके पूरे मामले को लेकर नवाबगंज थाने की पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।


