खंडवा जिले के खिराला गांव में पुरानी रंजिश और कोर्ट में चल रहे मामले को लेकर चार लोगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक और उसके भतीजे के साथ हाथ-मुक्कों और लोहे के पाइप से हमला किया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने राजीनामा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। खाना खाते समय घर में घुसे आरोपी बोरगांव चौकी पुलिस के अनुसार, फरियादी शेख रईश (34) निवासी ग्राम खिराला ऑटो चालक है। उसने पुलिस चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर में भतीजे शेख फैजान के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान गांव के तोसिफ पिता नईम, अयान पिता कलीम उर्फ कल्लू, कलीम उर्फ कल्लू पिता गुलाम और शाहरूख पिता नईम जबरन उसके घर में घुस आए। राजीनामे का दबाव बनाकर की मारपीट फरियादी के मुताबिक, कलीम उर्फ कल्लू ने उससे कहा कि कोर्ट में चल रहे मामले में राजीनामा कर लो। इस पर रईश और उसके भतीजे फैजान ने आरोपियों से घर में घुसने का कारण पूछा तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद कलीम उर्फ कल्लू और तोसिफ ने लोहे के पाइप से रईश पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए भतीजे को भी पीटा बीच-बचाव करने आए भतीजे शेख फैजान के साथ भी अयान और शाहरूख ने मारपीट की, जिससे उसके हाथ और पीठ में चोट आई। आरोप है कि इसके बाद चारों आरोपी रईश का कॉलर पकड़कर उसे घर से घसीटते हुए तांगा स्टैंड तक ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। रिपोर्ट करने पर दी जान से मारने की धमकी घटना के दौरान रईश का भाई वसीम और भतीजा फैजान बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि राजीनामा नहीं किया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो हाथ-पैर तोड़कर जान से खत्म कर देंगे। पीड़ित ने बताया कि घटना को आसपास के लोगों ने भी देखा। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


