बेमेतरा जिले के बहेरा स्थित भावेश ढाबा में पार्किंग और खाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी रंजीत बंजारे समेत कई अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, 31 मई को करीब 16 लोग कारों में सवार होकर बहेरा स्थित भावेश ढाबा पहुंचे और वहां विवाद के बाद जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि बदमाशों ने ढाबा संचालक कार्तिक राजपूत उर्फ भावेश, नीरज सिंह राजपूत और अन्य लोगों के साथ लाठी, डंडे व लोहे की रॉड से मारपीट की। घटना में कई लोगों को चोटें आईं। आरोपियों ने ढाबे में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, प्लास्टिक कुर्सियां, फ्रिज, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर को भी नुकसान पहुंचाया। वारदात के बाद कुछ आरोपी अपनी कार और स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रमोद कुमार बंजारे (23), राजकुमार बघेल (27), योगेश बंजारे (31) और रूपेन्द्र जांगड़े (22) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


