नाम पूछा, फिर कहा- कलमा पढ़ो, मुंबई में दो लोगों पर चाकू से हमला, ATS को सौंपा गया मामला

नाम पूछा, फिर कहा- कलमा पढ़ो, मुंबई में दो लोगों पर चाकू से हमला, ATS को सौंपा गया मामला

मुंबई के पास मीरा रोड में रविवार तड़के एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने दो लोगों से उनके धर्म पूछने के बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय आरोपी जैब जुबैर अंसारी को महज डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले की जांच महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) को सौंप दी गई है।

आरोपी ने पीड़ितों से कलमा पढ़ने कहा- पुलिस

यह घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे मीरा रोड पूर्व के एक निर्माणाधीन इमारत में हुई। उस समय सिक्योरिटी गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन ड्यूटी पर तैनात थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंसारी वहां पहुंचा और दोनों गार्ड्स से उनका नाम और धर्म पूछा।

इसके बाद उसने उनसे कलमा पढ़ने के लिए कहा। जब दोनों गार्ड्स ने मना किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।

मिश्रा गंभीर रूप से घायल, सेन ने छिपकर बचाई जान

हमले में राजकुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आई हैं, उनके आंतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं सुब्रतो सेन को पीठ में हल्की चोट लगी। हमले के बाद सेन किसी तरह छिप गए और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद दोनों को तुरंत वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि सुब्रतो सेन ने सुरक्षा केबिन में छिपकर अपनी जान बचाई और पुलिस को फोन किया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।

CCTV से आरोपी का मिला सुराग, 90 मिनट में दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे मीरा रोड पूर्व के नया नगर इलाके में स्थित उसके किराए के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में नया नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।

ISIS प्रोपेगेंडा से जुड़ा है आरोपी! ATS ने संभाली कमान

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों में संदिग्ध बातें मिलीं। जांच में पता चला है कि वह ऑनलाइन कथित तौर पर आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े कट्टरपंथी और प्रोपेगेंडा वाले वीडियो देखता था। उसके घर से भी कुछ संदिग्ध और कट्टरपंथी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। इसलिए पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हमले का कोई आतंकी लिंक तो नहीं है।

इसी वजह से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब महाराष्ट्र एटीएस को सौंप दी गई है। एटीएस और स्थानीय पुलिस मिलकर यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश या कट्टरपंथी कड़ी तो नहीं है।

साइंस ग्रेजुएट है, अमेरिका से लौटा है आरोपी

रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी जैब जुबैर अंसारी साइंस ग्रेजुएट है और 2019 तक अमेरिका में रहा था, जहां उसका परिवार अभी भी रहता है। भारत लौटने के बाद वह मीरा रोड में किराए पर अकेले रह रहा था।

कुछ समय पहले तक वह एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और गणित पढ़ाता था, जबकि हाल के महीनों में ऑनलाइन क्लासेस भी ले रहा था। नौकरी नहीं मिलने के कारण वह अमेरिका से भारत आया था, तब से ही वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। इसी दौरान ऑनलाइन कट्टरपंथी विचारधारा की ओर उसका झुकाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी सोशल मीडिया, वीडियो प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए ऐसे कंटेंट से जुड़ा था, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संबंधित हो सकता है। फिलहाल उसके डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है।

गलत जानकारी फैलाने पर होगी कार्रवाई, पुलिस की चेतावनी

इस बीच, पुलिस ने इस घटना को लेकर लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी न फैलाएं। दरअसल, नया नगर मुस्लिम बहुल इलाका है और वहां पहले भी सांप्रदायिक तनाव की स्थितियां उत्पन्न हो चुकी हैं। इसलिए अधिकारियों ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भ्रामक या गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और एटीएस की संयुक्त जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *