CM बनते ही विजय ने की DMK सरकार की आलोचना, राज्य को 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में छोड़ने का लगाया आरोप

CM बनते ही विजय ने की DMK सरकार की आलोचना, राज्य को 10 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में छोड़ने का लगाया आरोप

Vijay allegation on DMK: तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री चंद्रशेखरन जोसेफ विजय ने पद संभालते ही पिछली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सरकार पर बड़ा हमला बोला। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए इस समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विजय के समर्थन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उसी दौरान विजय ने DMK की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ दिया गया है और सरकारी खजाना भी लगभग खाली हो गया है। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार 2021 से 2026 तक तमिलनाडु की वित्तीय स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी करेगी।

विजय ने अपनी सरकार का बताया विजन

विजय ने अपने भाषण में कहा कि वह किसी बड़े या शाही परिवार से नहीं आते, बल्कि एक साधारण परिवार में पले-बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता असिस्टेंट डायरेक्टर थे और उन्होंने संघर्ष भरी जिंदगी को करीब से देखा है। इस वजह से वह आम लोगों की परेशानियों को अच्छे से समझते हैं। विजय ने लोगों से कहा, ‘मैं आप ही के परिवार का हिस्सा हूं, आपके बेटे और भाई जैसा हूं।’

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करेगी। विजय ने कहा कि कोई भी काम छिपकर नहीं किया जाएगा और जनता के पैसों का गलत इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, सड़क, पीने के पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर सबसे ज्यादा ध्यान देगी।

महिलाओं और युवाओं पर फोकस

शपथ लेने के तुरंत बाद विजय सरकार ने कई जरूरी फैसले लिए। सरकार ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सिंगापेन’ नाम की एक खास सुरक्षा फोर्स बनाने का फैसला भी लिया गया। इसके साथ ही राज्य में बढ़ते नशे के खतरे को रोकने के लिए एंटी-ड्रग टास्क फोर्स बनाई गई है। विजय ने कहा कि युवाओं को ड्रग्स से बचाना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तमिलनाडु में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

विजय की पूर्व मुख्यमंत्री से हो रही तुलना

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। विजय ने चुनाव प्रचार के दौरान बड़ी भीड़ जुटाकर अपनी लोकप्रियता साबित की। उनकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन से की जा रही है। आपको बता दें कि विजय ने 2024 में TVK पार्टी बनाई थी और 2026 चुनाव में पेरंबूर व तिरुची ईस्ट सीट से जीत हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *