शिवपुरी जिले की पिपरसमा अनाज मंडी के बाहर बुधवार को प्याज से भरी सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण लंबा जाम लग गया। मंडी में प्याज की भारी आवक के चलते पिपरसमा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे किसान, राहगीर और अन्य वाहन चालक घंटों फंसे रहे। जानकारी के अनुसार, मंडी में प्याज की आवक सामान्य से काफी अधिक होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या बढ़ गई। कई किसानों ने अपनी ट्रॉलियां सड़क किनारे और मार्ग पर ही खड़ी कर दीं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर लगभग तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जो तीन घंटे से अधिक समय तक बना रहा। इस जाम के कारण मंडी में होने वाली प्याज की नीलामी (डाक) भी प्रभावित हुई। किसानों और आम लोगों ने मंडी प्रबंधन की अव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि मंडी में पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण हर साल आवक बढ़ने पर ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मंडी सचिव बालेश शुक्ला ने बताया कि बुधवार को प्याज की आवक सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक थी। कुछ किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी करने से जाम की स्थिति बनी। समस्या को देखते हुए मंडी का दूसरा गेट खुलवाया गया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अंदर प्रवेश दिलाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो गया और जाम समाप्त हो गया।


