यूपी से अफीम बेचने फतेहाबाद आ रहे चार युवकों को पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने पकड़ा है। युवक कार में सवार होकर फतेहाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान धांगड़ बाईपास पुल के पास एएनसी टीम ने पकड़ लिया। इनके कब्जे से दो किलो 937 ग्राम अफीम बरामद की गई है। सदर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी यूपी के जिला कासगंज और बदायुं के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ करने में जुट गई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल के एएसआई रामअवतार ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ फतेहाबाद के नए बस अड्डे के सामने गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना आई कि चार युवक यूपी से कार में अफीम बेचने आ रहे हैं। इसके बाद हिसार रोड पर धांगड़ बाईपास पुल के नीचे वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद हिसार रोड की तरफ से टाटा टियागो कार आई। पुलिस की नाकेबंदी देखकर कार ड्राइवर घबरा कर वापस मोड़ने लगा। मगर पीछे गाड़ियां आने के कारण गाड़ी मोड़ नहीं सका। इसके बाद उनकी टीम ने घेरा डालकर कार में बैठे चारों युवकों को काबू कर उनसे पूछताछ की। बैग में रखी हुई थी अफीम कार चला रहे युवक ने अपना नाम यूपी के बदायुं जिले के गांव गुडाना निवासी आनंद कुमार बताया। उसके साथ बैठे युवकों की पहचान यूपी के जिला कासगंज के गांव नरदौली निवासी श्याम पाठक, गांव नरदौली निवासी ब्रहमानंद और यूपी के जिला सहजानपुर के गांव इकरीखेड़ा निवासी संजीव उर्फ संजू के रूप में हुई। उनके पास नशीला पदार्थ होने की आशंका के चलते ईटीओ शमशेर सिंह को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान तलाशी लेने पर श्याम पाठक के हाथ में लिए बैग से प्लास्टिक डिब्बे में अफीम बरामद हुई। इसका वजन किया गया तो 2 किलो 937 ग्राम अफीम निकली। चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18बी-61-85 के तहत केस दर्ज किया गया है।


