Mohan Yadav Tamil Nadu Rally: तमिलनाडु की सियासत में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। इसी बीच मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव (dr mohan yadav) के तीखे तेवर चर्चा में रहे। उन्होंने DMK और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने ‘लुटेरी सरकार को जवाब दो’ जैसे आक्रामक बयान के साथ मंच से नारी शक्ति, परिवारवाद और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाया। मोहन यादव अपने चुनावी दौरे के वक्त साउथ इंडियन परिधान में नजर आए, वहीं केले के पत्ते पर भोजन का लुत्फ लेते भी नजर आए। आइए जानते हैं तमिलनाडु में मोहन यादव के बयान के सियासी मायने…।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर पहुंच गया है। इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बीजेपी और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIDMK) के लिए प्रचार करने पहुंचे। तमिलनाडु के नमक्कल जिले की रासीपुरम विधानसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्याशी डॉ. प्रेमकुमार के समर्थन में प्रचार किया। डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनता का भाव बता रहा है कि इस बार तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि देश की बहन-बेटियों को कभी शक्ति नहीं मिले और तमिलनाडु में किसी दूसरी अम्मा जयललिता उभरकर सामने न आए, इसीलिए डीएमके, टीएमसी, कांग्रेस सहित संपूर्ण विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने में रोड़ा अटका दिया। विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी का अपमान किया है। विपक्ष को डर था कि किसी गरीब की बेटी, सामान्य परिवार की बहन, किसान की बेटी अपने काम से मुकाम पर विधानसभा और लोकसभा के जरिए प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के पद तक नहीं पहुंच पाए। डीएमके और कांग्रेस ने नारी शक्ति को कमजोर करने का पाप किया है।
मोहन यादव का बड़ा हमला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की जनता डीएमके और कांग्रेस का हिसाब चुकता कर देगी। दोनों ही दल दशकों से परिवारवाद को बढ़ाते हुए देश-प्रदेश को लूटने में व्यस्त हैं। किसी गरीब को प्रदेश की सत्ता की जिम्मेदारी मिले, यह डीएमके और कांग्रेस को कभी रास नहीं आएगा। तमिलनाडु में सत्तारुढ़ डीएमके की लुटेरी और बेईमानों की सरकार है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की सरकार में भ्रष्टाचार, माफिया और अपराधियों का बोलबाला है। कांग्रेस भी ऐसे ही लोगों को आगे बढ़ाने का काम करती है। दोनों पार्टियां गरीबों का हक मारकर उनका गला काटती हैं। अब इन भष्टाचारियों को सत्ता से बाहर करने और तमिलनाडु को परिवारवाद से मुक्त करने का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तमिलनाडु में भाजपा-एआईएडीएमके की डबल इंजन सरकार बनेगी। रासीपुरम की जनता बिजली और साफ पानी के लिए तरस रही है। डीएमके की सरकार निकम्मी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता लक्ष्मी का विशेष स्थान है। जब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है तो प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे अहम वित्त मंत्रालय का जिम्मा तमिलनाडु की निर्मला सीतारमण को सौंपा है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से आज डॉक्टर और इंजीनियरिंग की पढ़ाई तमिल भाषा में हो रही है। तमिल भाषा में पढ़कर आईएएस और आईपीएस भी निकल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन के बाबा महाकाल और तमिलनाडु के रामेश्वरम महादेव सहित सभी 12 ज्योतिर्लिंग के आशीर्वाद से विश्व में हमारा भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
महिला आरक्षण बिल का विरोध क्यों?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस सहित संपूर्ण विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया, देश की जनता उससे आक्रोशित है। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी है। गरीब और आम आदमी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने, यह एनडीए की सोच है। लेकिन कांग्रेस और डीएमके में ऐसा नहीं है, दोनों ही परिवारवादी पार्टियां हैं। यह चुनावी लड़ाई परिवारवाद के खिलाफ और नारी सम्मान के लिए है। कांग्रेस और डीएमके ने विधानसभा और लोकसभा में महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। अगर यह बिल पास हो जाता तो तमिल बहनों के लिए सांसद, विधायक और मंत्री बनने का अवसर बढ़ जाता। कांग्रेस और डीएमके ने बहनों का रास्ता रोका है, अब तमिलनाडु की बहनें उन्हें सबक सिखाएंगी।
कुछ इस तरह किया भोजन

चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अंदाज देखने लायक था। उन्होंने पारंपरिक रूप से केले के पत्ते पर दक्षिण भारतीय भोजन का आनंद उठाया। इस दौरान उन्होंने हाथों से ही खाना खाया और उसकी खासियत के बारे में जाना। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण भारतीय परिधान भी पहना। इस परिधान में वे बेहद आकर्षक दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ दक्षिण भारत के पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद थे। सीएम डॉ. यादव ने भोजन के साथ-साथ चुनावी रणनीति और जनता की पसंद पर चर्चा की। बीजेपी ने सीएम डॉ. यादव को खासतौर पर तमिलनाडु में प्रचार करने भेजा है। उनके तेज-तर्रार अंदाज लोगों को खासा प्रभावित करता है।


