बरेली में 24 और 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले उर्से ताजुश्शरिया की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में हाईलेवल बैठक संपन्न हुई। बैठक में एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर भूपेन्द्र एस. चौधरी, डीआईजी अजय कुमार साहंनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने आयोजकों और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्स के दौरान कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। भर्ती परीक्षा और उर्स एक साथ: वालंटियर्स को ट्रैफिक संभालने के निर्देश
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि 25 अप्रैल को उर्स के साथ ही होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी है। ऐसे में परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई बाधा न आए, यह सुनिश्चित करना पुलिस और वालंटियर्स की जिम्मेदारी है। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों (सुबह 10-12 और दोपहर 3-5) में होगी। वालंटियर्स को बाकायदा आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे और उनकी सूची पुलिस को उपलब्ध करानी होगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने गैर-परंपरागत कार्यों की अनुमति न देने और रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। तीन सुपर जोन और 13 सेक्टर में बंटा शहर: रूट डायवर्जन प्लान तैयार
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पूरे क्षेत्र को तीन सुपर जोन, पांच जोन और 13 सेक्टरों में बांटा गया है। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने जानकारी दी कि झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, कुदेशिया अण्डर पास और नैनीताल रोड पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। डीएम अविनाश सिंह ने सड़क मरम्मत, पेयजल, निर्बाध बिजली और सफाई व्यवस्था को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोबाइल यूनिट और एम्बुलेंस की तैनाती की जाएगी। बैठक में मौजूद रहे यह अधिकारी
महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी देहात मुकेश चन्द्र मिश्र, एसपी क्राइम मनीष सोनकर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी धरातल पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लें ताकि उर्स को सकुशल संपन्न कराया जा सके।


