राजगढ़. गर्मी बढ़ने के साथ ही अब शहर व कस्बों में पेयजल संकट बढ़ने लगा है। राजगढ़ कस्बे के माचाड़ी चौक मोहल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से आक्रोशित महिला-पुरुषों ने सोमवार को खाली बर्तन लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही नागरिकों ने जलदाय विभाग के खिलाफ नारे लगाए और समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
समस्या को लेकर सुबह लगभग 7:15 बजे नागरिक बारलाबास स्थित जलदाय विभाग के कार्यालय एवं पंप हाउस पहुंचे, जहां ताले लगे मिले। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने माचाड़ी चौक बाजार में प्रदर्शन किया। इस दौरान नागरिकों ने बूस्टर और टंकी से एक साथ सप्लाई, 12 एचपी की जगह 20 एचपी मोटर लगाने तथा मालाखेड़ा गेट टंकी से आपूर्ति जोड़ने की मांग की। कस्बे के राजेंद्र जांगिड़, फूलचंद बृजवासी, शानू सरदार, सत्यनारायण शर्मा, विपिन मुद्गल, सुभाषचंद शर्मा, कैलाश चंद जागा, पंकज सौंखिया, मुरारी लाल खंडेलवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि माचाड़ी चौक मोहल्ला, कमेटी की गली, बंदर गली, बृजवासी की गली और पुराना पुलिस थाना रोड क्षेत्र में करीब दो माह से पेयजल आपूर्ति अनियमित हो रही है। कई बार नलों में पानी बहुत कम समय के लिए आता है, जिसके बाद आपूर्ति बंद हो जाती है। सूचना पर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता प्रकाश चंद मीना मौके पर पहुंचे और दो दिन में पेयजल समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि बूस्टर की मोटर खराब होने से आपूर्ति बाधित हुई है, जिसे शीघ्र ठीक कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।नल कनेक्शनों का अधिक भार
नागरिकों का कहना है कि शिकायत करने पर विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं, लेकिन उस समय पानी की स्थिति सामान्य मिलती है। लोगों ने आरोप लगाया कि नल कनेक्शनों का अधिक भार होने तथा मोटर खराब होने के कारण पानी का दबाव कम हो गया है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। माचाड़ी चौक मौहल्ला, कमेटी की गली, बंदर गली, बृजवासी की गली, पुराना पुलिस थाना रोड़ में करीब दो माह से नलों में कभी पानी आता हैं तो कभी नहीं आता हैं और आता है तो 15-17 मिनट ही पानी आता हैं तथा उसके बाद पानी के स्थान पर नल हवा देने लग जाते हैं।
……………..
बूस्टर की मोटर खराब हो गई थी। जिसके चलते पेयजल सप्लाई नहीं हो पाई। दो दिन में पेयजल समस्या का निराकरण करवा दिया जाएगा। यदि कोई समस्या हुई तो दूसरे स्थान से पेयजल की व्यवस्था करवा दी जाएगी।प्रकाश चन्द मीना, सहायक अभियन्ता, जलदाय विभाग।
बगड़ राजपूत में पेयजल संकट गहराया, महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंची
रामगढ़. क्षेत्र के बगड़ राजपूत गांव में पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के एक मोहल्ले में बोरिंग कई दिनों से खराब होने के कारण जलापूर्ति बाधित है। सोमवार को करीब आक्रोशित महिलाएं रामगढ़ उपखंड कार्यालय पहुंचीं और समस्या को लेकर प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। एसडीएम की अनुपस्थिति में उन्होंने कार्यालय कर्मचारियों को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपखंड कार्यालय ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सियाराम गुर्जर को मौके पर बुलाया। सहायक अभियंता ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं की समस्या सुनी और ग्राम पंचायत सचिव से फोन पर बात कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। ज्ञापन सौंपने वाली महिलाओं में गीता देवी, लक्ष्मी, कविता, शक्ति, अंजू, सरोज, सुनीता, ममता, गुलाबो, अनीता, सुशीला और शारदा सहित अन्य शामिल रहीं। महिलाओं ने बताया कि मोहल्ले में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिसके चलते उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। इसका प्रभाव न केवल लोगों पर, बल्कि पशुओं पर भी पड़ रहा है। भीषण गर्मी में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।


