राजस्थान पुलिस के ‘जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान’ के तहत धौलपुर जिले की आंगई थाना पुलिस ने शुक्रवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए एक बाइक रैली का आयोजन किया। इस रैली का नेतृत्व थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने किया। यह बाइक रैली चिलाचौंद से शुरू हुई, जिसे थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लगभग 6 किलोमीटर का सफर तय करते हुए रैली आंगई पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया और हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संदेश दिया। रैली के मार्ग में बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को जन सहयोग से हेलमेट वितरित किए गए। इस अभियान के तहत कुल 100 हेलमेट बांटे गए। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि यह अभियान सड़क हादसों को कम करने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। बाइक रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित किया गया।


