मेरठ में साइबर ठगों ने एक इंजीनियर को ऑनलाइन बिजनेस में भारी मुनाफे का लालच देकर करीब 19 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवती ने इंजीनियर से दोस्ती कर उसे एक फर्जी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए राजी किया। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो उसका अकाउंट बंद कर दिया गया। कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी इंजीनियर अनुज कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उसकी एक युवती से बातचीत शुरू हुई थी। बातचीत बढ़ने पर युवती ने उसे ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से कमाई करने की एक योजना बताई। उसने दावा किया कि वेबसाइट पर पंजीकरण कर सस्ते दामों पर सामान खरीदकर ऑनलाइन बेचने से अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। युवती के झांसे में आकर अनुज ने उस वेबसाइट पर अपना अकाउंट बना लिया। इसके बाद, अलग-अलग ऑर्डर और निवेश के नाम पर उससे लगातार पैसे जमा कराए जाते रहे। मार्च से मई के बीच, अनुज ने कई बैंक खातों में कुल 18 लाख 88 हजार रुपये ट्रांसफर किए। पीड़ित के अनुसार, जब उसने अपना अकाउंट बंद करने और निवेश की गई रकम वापस लेने की बात कही, तो उससे अतिरिक्त पैसे जमा करने की मांग की गई। अनुज के इनकार करने पर उसका ऑनलाइन स्टोर सस्पेंड कर दिया गया और बाद में अकाउंट पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इसके बाद, फोन और ईमेल के माध्यम से संपर्क करने के सभी प्रयास विफल रहे। इस मामले में पीड़ित इंजीनियर ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और साइबर ठगों के बैंक खातों तथा मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।


