ताजमहल आ रहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टिफ़नी:शनिवार सुबह पहुंचेंगी आगरा, शाम को निहारेंगी ताज, शहर में एक दिन का रहेगा स्टे

ताजमहल आ रहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी टिफ़नी:शनिवार सुबह पहुंचेंगी आगरा, शाम को निहारेंगी ताज, शहर में एक दिन का रहेगा स्टे

विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल शनिवार को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हाई प्रोफाइल मेहमान की मेजबानी करेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टिफ़नी ट्रंप अपनी निजी भारत यात्रा के दौरान शनिवार को ताजनगरी पहुंच रही हैं। उनका चार्टर्ड विमान सुबह 9:45 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर उतरेगा। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने उनके दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। टिफ़नी ट्रंप एयरपोर्ट से सीधे कड़ी सुरक्षा के बीच होटल जाएंगी। कुछ देर विश्राम के बाद शाम 5 बजे वह ताजमहल का दीदार करने पहुंचेंगी। कार्यक्रम के अनुसार वह करीब डेढ़ घंटे तक ताजमहल परिसर में रुकेंगी और सूर्यास्त के समय संगमरमर की खूबसूरती का आनंद लेंगी। इसके बाद वह आगरा में ही रात्रि विश्राम करेंगी। रविवार दोपहर टिफ़नी ट्रंप निजी चार्टर्ड विमान से जैसलमेर के लिए रवाना होंगी। उनकी यात्रा के दौरान भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे आगरा आएगा। हालांकि यह पूरी तरह निजी यात्रा बताई जा रही है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार से जुड़े होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है। खेरिया हवाई अड्डे, होटल, ताजमहल परिसर और पूरे रूट पर पुलिस व खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने होटल और स्मारक परिसर की निगरानी बढ़ा दी है। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल देखने आगरा आए थे। अब छह साल बाद ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टिफ़नी ट्रंप ताजनगरी की मेहमान बनने जा रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *