हैंडब्रेक न लगने से पीछे सरकी एंबुलेंस:नीचे दबकर एयरफोर्स कर्मी की मौत, 1 साल पहले कानपुर में हुआ था तबादला

हैंडब्रेक न लगने से पीछे सरकी एंबुलेंस:नीचे दबकर एयरफोर्स कर्मी की मौत, 1 साल पहले कानपुर में हुआ था तबादला

कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हादसे में एयरफोर्स के एंबुलेंस चालक की मौत हो गई। एंबुलेंस से सामान उतारते समय हैंडब्रेक न लगने के कारण वाहन अचानक पीछे सरक गया, जिसकी चपेट में आकर चालक नीचे दब गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अंबेडकरनगर के टांडा जमालपुर निवासी विकास (37) के रूप में हुई है। वह एयरफोर्स में एंबुलेंस चालक के पद पर तैनात थे। विकास लगभग एक वर्ष पहले ही तबादले पर कानपुर आए थे और कैंट क्षेत्र में मिले सरकारी आवास में अपनी पत्नी अंकिता के साथ रह रहे थे। मृतक के चचेरे भाई सौरभ ने बताया कि बुधवार सुबह विकास एंबुलेंस से सामान उतार रहे थे। इसी दौरान हैंडब्रेक न लगा होने के कारण वाहन अचानक पीछे हट गया और विकास उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विकास को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक छा गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *