अलवर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर गुरुवार 27 अगस्त से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम और नगर पालिकाओं के चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवार आज से अपने नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्र जमा करने के लिए निर्वाचन विभाग ने केवल तीन दिन निर्धारित किए हैं। उम्मीदवार 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
दो दिन का अवकाश
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार और रक्षाबंधन के अवकाश के कारण अन्य दिनों में नामांकन नहीं लिए जाएंगे। नगर निगम के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र मिनी सचिवालय में प्रस्तुत करना होगा, जबकि नगर पालिकाओं के उम्मीदवार संबंधित नगर पालिका स्तर पर अपने नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर एवं रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम अम्बा लाल मीना ने उम्मीदवारों से नामांकन पत्र भरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र के उपबंध-1 में शपथ पत्र 50 रुपए के नोटराइज्ड स्टाम्प पेपर पर दो स्वप्रमाणित या हस्ताक्षरित फोटो प्रतियों के साथ प्रस्तुत करना होगा।
ये डॉक्यूमेंट चाहिए
रिटर्निंग अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उपबंध-1 में केवल मांगी गई सूचनाएं भरनी हैं और इसके साथ दस्तावेज संलग्न नहीं करने हैं। उम्मीदवारों को प्रत्येक कॉलम सावधानी से भरना होगा। कोई भी कॉलम खाली नहीं छोड़ा जा सकता। यदि किसी कॉलम की जानकारी लागू नहीं है तो वहां नियमानुसार ‘शून्य’ या ‘लागू नहीं’ अंकित करना होगा। नामांकन के लिए उम्मीदवारों को आधार कार्ड, प्रतिभूति राशि जमा कराने की रसीद, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है।
जाति प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा
आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को जाति प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा सांख्यिकी फॉर्म को भी पूरी तरह भरना अनिवार्य है और उसमें मोबाइल तथा व्हाट्सऐप नंबर दर्ज करना होगा। नामांकन फॉर्म के साथ निर्धारित प्रारूप का शपथपत्र नोटरी से सत्यापित करवाकर लगाना जरूरी है। अधिकारियों ने उम्मीदवारों को अंतिम दिन तक इंतजार नहीं करने की सलाह दी है। 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक ही नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।
ये है चुनाव कार्यक्रम
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। इसके बाद 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। ऐसे में आज से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के साथ अलवर जिले में निकाय चुनाव की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

