केंद्रीय विद्यालय राजगढ़ ने सीबीएसई बारहवीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के सभी 70 विद्यार्थी सफल रहे। तीनों संकायों में छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय की प्राचार्य रोमा सांखला ने बताया कि पूरे वर्ष छात्रों की पढ़ाई और तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया। नियमित परीक्षण, अतिरिक्त कक्षाएं और शिक्षकों की लगातार निगरानी के कारण यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाया। कला संकाय में इस वर्ष सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा। सदिया हाशिम ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। रोहित वर्मा और वेदनशी शर्मा ने 95.4-95.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में प्रणव गुप्ता ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विज्ञान संकाय में निकिता बंसल ने 91.4 प्रतिशत अंक हासिल किए। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया। छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कई अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के लिए यह भी उल्लेखनीय है कि इस वर्ष दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। लगातार मिल रहे इन बेहतर परिणामों के कारण केंद्रीय विद्यालय राजगढ़ जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण के लिए अपनी अलग पहचान बना रहा है।


