चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज जैमी ओवर्टन दाहिनी जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए हैं। फ्रेंचाइजी ने बुधवार रात सोशल प्लेटफार्म X पर यह जानकारी दी। हालांकि, टीम ने यह साफ नहीं किया कि वे कितने समय तक बाहर रहेंगे, लेकिन IPL सीजन में बाकी के लीग मैच में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। CSK ने यह भी बताया कि उसने चोटिल ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष की जगह कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को टीम में शामिल किया है। घोष 3 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में चोट लग गई थी। पैर में फ्रैक्चर के चलते उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा। घोष ने अपने इकलौते मैच में 24 रन देकर 1 विकेट लिया था। CSK के 3 अन्य खिलाड़ी भी चोट से बाहर ओवर्टन और घोष के अलावा, चेन्नई के 3 अन्य खिलाड़ी भी चोट के कारण बाहर हुए हैं, इनमें खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और नाथन एलिस जैसे नाम शामिल हैं। धोनी-जॉनसन एक भी मैच नहीं खेले टीम की सबसे बड़ी चिंता पूर्व कप्तान एमएस धोनी को लेकर बनी हुई है। धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। उनके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन भी अनफिट होने के कारण बेंच पर हैं। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआत के तीन मैच नहीं खेल सके थे, जिससे टीम को शुरुआती हार झेलनी पड़ी थी। BCCI अवॉर्ड विजेता हैं मैकनील नोरोन्हा मैकनील नोरोन्हा हाल में घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। हाल ही में BCCI के सालाना ‘नमन अवॉर्ड्स’ में उन्हें एमए चिदंबरम ट्रॉफी से नवाजा गया था। वे 2024-25 की कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। महाराजा ट्रॉफी 2025 में मंगलुरु ड्रैगन्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 10 पारियों में 253 रन बनाए और ऑफ-स्पिन से 10 विकेट भी लिए थे। पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर CSK, प्ले-ऑफ की उम्मीद बरकरार इतनी चोटों और समस्याओं के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स प्ले-ऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। प्ले-ऑफ में जगह पक्की करने के लिए चेन्नई को अपने बाकी तीनों मैच जीतने होंगे। टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा।
पिछले मैच के हीरो ओवरटन, 14 विकेट के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज जेमी ओवरटन इस सीजन में चेन्नई के लिए गेम चेंजर साबित हो रहे थे। वे 14 विकेट के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। 11 मई को चेपॉक स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में ओवरटन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे थे। उन्होंने 36 रन देकर 3 विकेट लिए थे और चेन्नई की 5 विकेट से जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी।
चेन्नई के जैमी ओवर्टन चोट के कारण इंग्लैंड लौटे:चोट के कारण IPL के बाकी मैच खेलना मुश्किल; घोष की जगह नोरोन्हा को मौका


