राजस्थान में आज भीषण गर्मी का अलर्ट:पारा 46 के पार पहुंचा, बाड़मेर, जैसलमेर से ज्यादा गर्म जयपुर की रात

राजस्थान में आज भीषण गर्मी का अलर्ट:पारा 46 के पार पहुंचा, बाड़मेर, जैसलमेर से ज्यादा गर्म जयपुर की रात

राजस्थान में गर्मी और लू का असर तेज हो गया है। सिरोही को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। उत्तर-पश्चिम के जिले में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर रहा। रातें भी गर्म होने लगी हैं। मंगलवार को जयपुर की रात बाड़मेर और जैसलमेर से भी ज्यादा गर्म रही। रात का न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के जिलों में भी जबरदस्त गर्मी रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन इसी तरह की गर्मी और हीटवेव का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। 20 मई (बुधवार) को दो जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये जिले सबसे गर्म रहे राजस्थान में मौसम के अपडेट्स… पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी चित्तौड़गढ़ में रही। यहां का अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में 45.9, पिलानी (झुंझुनूं) में 45.3, अलवर में 45.8, करौली में 44.3, चूरू, फलोदी में 44.8, कोटा में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये सभी जिले हीटवेव से प्रभावित रहे। इनमें सुबह से देर शाम तक तेज गर्मी रही। इनके अलावा जैसलमेर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.9, बाड़मेर में 43.5, बीकानेर में 43.8, फतेहपुर (सीकर) में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी जिलों में आगामी तीन-चार दिन इसी तरह का तापमान रहने और हीटवेव का दौर जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है। अब जानिए, अपने शहर के मौसम का हाल… जयपुर : लगातार ​दूसरे दिन चली लू जयपुर में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी लू चली। यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में वार्म नाइट भी रही। यहां रात का न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये बाड़मेर, जैसलमेर में रात की गर्मी से कहीं ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले दो-तीन दिन इसी तरह गर्मी रहने का अनुमान जताया है। उदयपुर : गर्मी से हल्की राहत, पारा 41.7 डिग्री पर उदयपुर में मंगलवार को गर्मी का असर बना रहा, हालांकि सोमवार की तुलना में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.7 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 43.3 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा था। तापमान में गिरावट के बावजूद दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम नजर आई। अजमेर : सड़कों पर पानी छिड़का गया अजमेर में अब दिन के साथ रातें भी गर्मी से बेहाल करने लगी हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम होने से रात में भी गर्म हवा चल रही है। उमस महसूस की जा रही है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अजमेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मौसम ड्राय रहने की संभावना है। 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। शहर में मंगलवार को भीषण गर्मी के बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार की गई। सीकर : हीटवेव चली सीकर समेत पूरा शेखावाटी भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार सुबह से तेज धूप और लू के थपेड़ों से लोग परेशान रहे। सीकर में पिछले 6 दिन से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हाे गई है। रात में भी गर्म हवा चल रही है। अगले 4 दिन मौसम ड्राय रहेगा और गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। सीकर में मंगलवार दिन का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और सुबह का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर : हीटवेव का अलर्ट जोधपुर शहर में मंगलवार दिन के समय का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन शहर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कोटा : लू का असर रहा कोटा में मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज गर्मी और लू का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी का छिड़काव किया गया। अलवर : पारा 45 डिग्री पहुंचा अलवर में तेज गर्मी के कारण मंगलवार दोपहर का तापमान 44 डिग्री तक रहा। यह सोमवार की तुलना में एक डिग्री कम रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंच गया था। तेज गर्मी के कारण दिन के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *