Ajmer Panchayat Election 2026: जिला परिषद के 15 और 6 पंचायत समितियों के 86 वार्डों में मतदान कल, पोलिंग पार्टी रवाना

Ajmer Panchayat Election 2026: जिला परिषद के 15 और 6 पंचायत समितियों के 86 वार्डों में मतदान कल, पोलिंग पार्टी रवाना

अजमेर। पंचायती राज चुनाव 2026 के प्रथम चरण में गुरुवार को अजमेर जिले में जिला परिषद के 15 और छह पंचायत समितियों के 86 वार्डों के लिए मतदान होगा। मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबंधु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को रवाना किया। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 20 नवंबर को होगी। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों को नतीजों के लिए 29 दिन इंतजार करना पड़ेगा।

मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच बसों से उन्हें संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों को मतपत्र, मतपेटियां और निर्धारित निर्वाचन सामग्री सौंपी गई। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव के साथ ही जिले में अगले चरण के मतदान की तैयारियां भी जारी हैं।

जिला परिषद के इन 15 वार्डों में होगा मतदान

प्रथम चरण में जिला परिषद के वार्ड संख्या 2, 3, 6, 7, 8, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 24 और 25 में मतदान होगा। ये वार्ड अजमेर ग्रामीण, पीसांगन, श्रीनगर, केकड़ी, सावर और सरवाड़ पंचायत समितियों के क्षेत्राधिकार में आते हैं।

छह पंचायत समितियों के 86 वार्डों में वोटिंग

जिले की छह पंचायत समितियों में कुल 86 वार्डों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनके लिए 461 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पंचायत समिति के अनुसार चुनाव का गणित इस प्रकार है।

पंचायत समिति वार्ड ग्राम पंचायतें
सरवाड़ 15 25
केकड़ी 15 22
सावर 15 20
पीसांगन 17 26
श्रीनगर 19 28
अजमेर ग्रामीण (आंशिक) 5 1
कुल 86 122

इन छह पंचायत समितियों की 122 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन कराया जाएगा। सरपंच और पंच के चुनाव में भी मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा।

दूसरे चरण का मतदान 28 और 30 अक्टूबर को

पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में जिला परिषद के 18 वार्डों में 28 अक्टूबर को मतदान होगा। इनमें वार्ड संख्या 1, 4, 5, 9, 10, 11, 20, 21, 22, 23, 26, 27, 28, 29, 30, 31 और 32 शामिल हैं। इसके साथ ही दूसरे चरण में पांच पंचायत समितियों के 98 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। इनके अधीन आने वाली ग्राम पंचायतों में 30 अक्टूबर को सरपंच और पंच के चुनाव होंगे।

जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे 20 नवंबर को

प्रथम चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होने के बाद मतगणना के लिए लंबा इंतजार करना होगा। दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे। पहले चरण के प्रत्याशियों को 29 दिन और दूसरे चरण के प्रत्याशियों को 23 दिन तक परिणामों का इंतजार करना पड़ेगा।

सरपंच-पंच के परिणाम मतदान के दिन ही

सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में मतगणना मतदान वाले दिन ही कराई जाएगी। पहले चरण में 24 अक्टूबर को मतदान के बाद परिणाम घोषित होंगे। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। दूसरे चरण में 30 अक्टूबर को सरपंच और पंच के परिणाम जारी होंगे, जबकि 31 अक्टूबर को उपसरपंच चुने जाएंगे।

25 नवंबर को जिला प्रमुख, 27 को प्रधान का चुनाव

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आने के बाद प्रमुख और प्रधान के चुनाव होंगे। जिला प्रमुख का निर्वाचन 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का निर्वाचन 26 नवंबर को कराया जाएगा। इसी तरह पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव 27 नवंबर और उपप्रधान का निर्वाचन 28 नवंबर को होगा।

यह वीडियो भी देखें :

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *