अजमेर। पंचशील नगर लोहागल क्षेत्र में रविवार अल सुबह तेज अंधड़ व बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के साथ जर्जर चार बीपीएल क्वार्टर भरभराकर गिर पड़े। हादसे में बरामदे में सो रही एक महिला की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कृष्णगंज थाना पुलिस, स्थानीय लोगों ने राहत कार्य चलाकर मलबे से दोनों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब पौने 4 बजे तेज अंधड़-बारिश के बीच लोहागल क्षेत्र में बने चार बीपीएल क्वार्टर(एक ब्लॉक) की छत और दीवारें जमींदोज हो गईं। हादसे के दौरान क्वार्टर के बरामदे में सो रही सोनू (35) मलबे में दब गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका पति दीपक (40) घायल हो गया। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायल को तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि ब्लॉक के 3 क्वार्टर पहले से खाली पड़े थे, जबकि एक में दम्पती रह रहा था।
बरामदे में सो रहे थे
प्रत्यक्षदर्शी जुम्मा ने बताया कि तेज अंधड़-बारिश के कारण मौसम में ठंडक हो गई थी। इसी वजह से सोनू और दीपक कमरे के बजाय बरामदे में सो रहे थे। रात ढाई बजे उसकी उनसे बातचीत हुई थी लेकिन कुछ देर बाद ही तेज धमाके के साथ हादसा हो गया।
सफाई कार्य कर गुजर-बसर
स्थानीय निवासी कमला ने बताया कि मृतका सोनू व उसका पति दीपक आसपास के क्षेत्र में सफाई कार्य कर अपना जीवनयापन करते थे। दम्पती के तीन पुत्र व एक बेटी हैं, जिनमें से दो बच्चे विवाहित हैं। चार क्वार्टर गिरने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


