Bangalore Air India Tailstrike: दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI2651 के साथ लैंडिंग के दौरान असामान्य घटना हुई। विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिसे एविएशन की भाषा में ‘टेल स्ट्राइक’ कहा जाता है।
क्या होता है टैलस्ट्राइक?
टैलस्ट्राइक (Tailstrike) विमानन (Aviation) में एक घटना है, जिसमें विमान की पूंछ (Tail या Empennage) रनवे या जमीन से टकरा जाती है।
यह कब होता है?
- टेकऑफ (Takeoff) के दौरान: पायलट नाक (Nose) को बहुत तेजी से ऊपर उठा लेता है (Over-rotation)।
- लैंडिंग (Landing) के दौरान: लैंडिंग के समय नाक को बहुत तेजी से ऊपर खींच लिया जाए, खासकर अगर पायलट रनवे के शुरू में ही लैंड करने की कोशिश कर रहा हो।
फ्लाइट में सवार थे 181 यात्री
घटना के समय फ्लाइट में 181 यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे। किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई। लैंडिंग के बाद सोशल मीडिया पर विमान की तस्वीरें सामने आईं, जिनमें उसके पीछे के हिस्से पर स्पष्ट स्क्रैच और क्षति दिखाई दे रही है।
पायलट ने लिया ‘गो-अराउंड’ का फैसला
सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे की वजह रनवे पर पहले से मौजूद बोइंग 747 विमान द्वारा उत्पन्न वेक टर्बुलेंस थी। इससे AI2651 का बैलेंस प्रभावित हुआ। पायलट ने स्थिति का अंदाजा लगाते हुए ‘गो-अराउंड’ किया, यानी लैंडिंग अप्रोच के दौरान विमान को वापस हवा में ले जाकर स्थिति सामान्य होने पर दोबारा लैंडिंग करने का फैसला किया। इसी प्रक्रिया में विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।
विमान जांच के लिए ग्राउंड किया गया
एअर इंडिया ने घटना के तुरंत बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया। एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी है, और घटना की सूचना नागरिक उड्डयन नियामक प्राधिकरण (DGCA) को भी दी गई है।
वापसी फ्लाइट AI2652 रद्द
एअर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2652 रद्द कर दी गई है। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की जानकारी दी है। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों की सहायता कर रही है।
अहमदाबाद में हुआ था भीषण हादसा
आपको बता दें 12 जून 2025 को दोपहर करीब 1:39 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 (बोइंग 787-8, VT-ANB) टेकऑफ के मात्र 32 सेकंड बाद मेघानी नगर इलाके में बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई और सिर्फ एक यात्री (विश्वास कुमार रमेश) बच सका। हादसे में जमीन पर भी 19 लोगों की मौत हुई और 67 लोग घायल हुए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि टेकऑफ के तुरंत बाद दोनों इंजनों में फ्यूल सप्लाई रुक गई, जिसके कारण विमान नियंत्रण खो बैठा और क्रैश हो गया। यह घटना भारत की सबसे दुखद विमान दुर्घटनाओं में से एक है।


