पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ में तैनात एक जज की वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन्हें हरियाणा ट्रांसफर कर दिया गया है। सस्पेंशन के दौरान वह हरियाणा के उसी जिले में रहेंगे। चीफ जस्टिस की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। हालांकि जज ने खुद को ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे। उनकी शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। इस मामले में रोहतक के वकील को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें अब जमानत मिल गई है। मोबाइल फोन खो गया था इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने वकील के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी को एक दिन पहले ही जिला अदालत से जमानत मिली थी। जज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ समय पहले उनका मोबाइल खो गया था, जिसमें उनके परिवार की तस्वीरें, वीडियो और स्क्रीन रिकॉर्डिंग मौजूद थीं। छवि खराब करने की कोशिश शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके खोए हुए मोबाइल के डेटा का दुरुपयोग किया गया है। जज का कहना था कि आरोपी ने उनकी वीडियो को एडिट या मैनिपुलेट कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की थी। जज ने यह भी दलील दी कि कई संवेदनशील मामलों की सुनवाई चल रही थी, जिनमें कई कुख्यात अपराधी शामिल थे। इसलिए किसी ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।


