जींद में लोन लेने के बाद जमा नहीं कराया गोल्ड:फाइनेंस कंपनी को करता रहा गुमराह, पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट

जींद में लोन लेने के बाद जमा नहीं कराया गोल्ड:फाइनेंस कंपनी को करता रहा गुमराह, पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट

जींद जिले में सफीदों पुलिस ने फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड से लाखों रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिलाखेड़ी निवासी विनोद के रूप में हुई है। थाना शहर सफीदों के प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रवीन निवासी सफीदों ने पुलिस को बताया था कि विनोद ने फेडबैंक फाइनेंस कंपनी में कम ब्याज दर पर गोल्ड लोन ट्रांसफर कराने का झांसा दिया। उसने कंपनी से लगभग 2.99 लाख रुपए का ऋण प्राप्त किया। ऋण राशि उसके बैंक खाते में स्थानांतरित होने के बाद, विनोद को अपने गिरवी रखे सोने के आभूषण पुरानी वित्तीय संस्था से छुड़वाकर फेडबैंक में जमा कराने थे। हालांकि, उसने न तो आभूषण जमा कराए और न ही प्राप्त ऋण राशि अदा की। आरोपी ने नहीं लौटाए जेवर और रुपए विनोद लगातार कंपनी और बैंक अधिकारियों को गुमराह करता रहा और राशि व आभूषणों के संबंध में कोई सहयोग नहीं किया। प्रवीन की शिकायत पर थाना शहर सफीदों में 30 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(2) के तहत मुकदमा नंबर 36 दर्ज किया गया। जांच उप निरीक्षक दीपक कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान, आरोपी को नोटिस जारी कर शामिल होने को कहा गया, लेकिन वह नहीं आया। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने 5 जून 2026 को आरोपी विनोद को सिलाखेड़ी से गिरफ्तार कर लिया। उसे माननीय अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *