IPL 2026 Final Venue Update: IPL 2026 का खिताबी मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी की जगह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस फाइनल को होस्ट करते हुए अहमदाबाद का ये स्टेडियम इतिहास रच देगा।
KSCA on IPL 2026 Venue Update: आईपीएल 2026 का खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। नियम के मुताबिक यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था। लेकिन पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिताब जीतने के बाद जश्न समारोह के दौरान स्टेडियम के बाहर 11 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 50 लोग घायल हो गए थे।
इसके बाद कई मैचों की मेजबानी छीन ली गई थी। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के आश्वासन देने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2026 में RCB के मैचों को बेंगलुरु में होस्ट करने की इजाजत दे दी।
KSCA ने जताई निराशा
IPL 2026 के फाइनल की मेजबानी छीने जाने पर KSCA ने निराशा जताई है। आपके बता दें कि IPL प्लेऑफ्स और फाइनल मैच की मेजबानी बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को नहीं दी गई है। KSCA के बयान में कहा गया है, “कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद इस संबंध में व्यक्तिगत रूप से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के संपर्क में थे, और उन्होंने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL प्लेऑफ़ की मेज़बानी करने के लिए KSCA की इच्छा के बारे में औपचारिक रूप से सूचित भी किया था।”
बयान में आगे कहा गया, “मौजूदा सीज़न के दौरान बेंगलुरु में आयोजित IPL मैचों की मेजबानी सुचारू व्यवस्था और क्राउड मैनेजमेंट के साथ की गई है। इस कदम की सराहना की गई, जिसके बाद बड़े मैचों की सफलतापूर्वक मेज़बानी करने की KSCA की क्षमता भी साफ हो गई। प्लेऑफ़ की मेज़बानी करने की हमारी तत्परता और इच्छा के बावजूद, हम समझते हैं कि BCCI ने इन मैचों को दूसरे स्थानों पर कराने का निर्णय लिया है। हालाँकि, इसके पीछे के की वजहों के बारे में KSCA को औपचारिक रूप से सूचित नहीं किया गया है, फिर भी हम इस संबंध में BCCI के विशेषाधिकार और निर्णय लेने के अधिकार का पूरी तरह से सम्मान करते हैं।”
किसे मिलती है IPL Final की मेजबानी?
अक्सर आईपीएल के खिताबी मुकाबले की मेजबानी उस शहर को मिलती है, जिसकी शहर की फ्रेंचाइजी ने पिछले सीजन का खिताब जीता हो। आईपीएल 2025 में रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर 17 साल के इंतजार के बाद अपना पहला खिताब जीता था। ऐसे में बेंगलुरु को आईपीएल 2026 की मेजबानी मिलनी चाहिए थी, लेकिन BCCI ने ऐसा नहीं किया।
Sports – Patrika | CMS



News 