50 रन बनाकर Vaibhav Sooryavanshi ने हाथों से बनाया अनोखा ‘A’ का निशान, अब बोले- ये मां के लिए था

50 रन बनाकर Vaibhav Sooryavanshi ने हाथों से बनाया अनोखा ‘A’ का निशान, अब बोले- ये मां के लिए था

Vaibhav Sooryavanshi A sign meaning: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी इन दिनों हर तरफ छाए हुए हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ महज 38 गेंदों में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने अपनी टीम को एक नामुमकिन सी जीत दिलाई। लेकिन इस मैच के दौरान जब वैभव ने अपनी फिफ्टी पूरी की, तो उन्होंने उंगलियों से हवा में ‘A’ शेप (आकार) का एक अनोखा इशारा किया। यह अनोखा सेलिब्रेशन देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और हर कोई यह जानने के लिए बेचैन हो उठा कि आखिर इस ‘A’ का मतलब क्या है?

पहले टाल दी थी ये बात

शुरुआत में जब मैच खत्म होने के बाद लाइव ब्रॉडकास्ट पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कॉमेंटेटर मुरली कार्तिक ने उनसे इस इशारे के बारे में पूछा, तो वैभव ने हंसकर बात को टाल दिया। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता, मैं बस हर मैच में कुछ नया करने की कोशिश करता हूं। इसका कोई खास मतलब नहीं है। पिछले मैच में भी मैंने जो किया था, उसका कोई मतलब नहीं था।’ उन्होंने यह भी कहा कि वह सोशल मीडिया या अखबारों की खबरों पर ध्यान नहीं देते क्योंकि उनका करियर अभी बस शुरू हुआ है।

पर्दे के पीछे खास कनेक्शन का खुला राज

लाइव टीवी पर भले ही वैभव ने सस्पेंस बनाए रखा, लेकिन मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया पर एक बिहाइंड-द-सीन (पर्दे के पीछे का) वीडियो शेयर किया, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। वीडियो में वैभव टीम मैनेजर रोमी भिंडर के साथ आराम से बैठकर बातें कर रहे थे। जब रोमी ने दोबारा उनसे इस राज के बारे में पूछा, तो वैभव मुस्कुराए और उन्होंने इसके पीछे की बेहद इमोशनल वजह बताई।

वैभव ने खुलासा करते हुए कहा…

‘यह सेलिब्रेशन मेरी मां के लिए है। मेरी मां का नाम ‘A’ अक्षर से शुरू होता है, इसलिए मैंने उनके सम्मान में यह इशारा किया था।’ बता दें वैभव की मां का नाम आरती सूर्यवंशी है। इसके साथ ही उन्होंने आगे यह भी कहा, ‘मैं हर किसी को खुलकर यह बताना नहीं चाहता था कि मैंने यह क्यों किया है। मैं इस सेलिब्रेशन को ऐसे ही कंटिन्यू (जारी) रखना चाहता हूं, इसीलिए मैंने सोचा था कि आगे भी जब रन बनाऊंगा, तो ऐसा ही करूंगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *