फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर उपखनिज के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना कादरी गेट, राजेपुर, कमालगंज और चौकी सरह कोतवाली फतेहगढ़ में औचक एवं सघन छापेमारी की गई। जांच के दौरान, बालू लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन में ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया। वहीं, मिट्टी से लदी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध परिवहन के आरोप में थाना राजेपुर की अभिरक्षा में लिया गया। ग्राम गांधी में रात में अवैध खनन की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान मिट्टी से लदे एक अज्ञात ट्रैक्टर का पीछा किया गया, लेकिन चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में भागने में सफल रहा। पास खड़ी एक वैगनआर कार पर संदेह होने पर उसे रोका गया। जांच में पता चला कि कार चालक लगातार खननकर्ताओं को पुलिस की लोकेशन साझा कर रहा था। सरकारी कार्य में बाधा डालने और लोकेशन साझा करने के आरोप में वाहन और चालक के मोबाइल को थाना राजेपुर की सुपुर्दगी में देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौकी सरह से लगभग 2 किलोमीटर दूर रात में 4-5 ट्रैक्टरों द्वारा अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा था। पुलिस की छापेमारी के दौरान सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली खेतों में भागने में कामयाब रहे। हालांकि, खनन में इस्तेमाल होने वाली एक रैपर मशीन तारबाड़ में फंस गई, जिसे जब्त कर चौकी सरह की अभिरक्षा में रखा गया है।


