ग्वालियर शहर की बिगड़ी सूरत और सीवरेज व्यवस्था पर शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगरीय प्रशासन के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने शहर का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों की क्लास भी ली और कहा कि कभी सुंदर रहने वाला यह शहर अब अपनी पहचान खो रहा है। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने ग्वालियर की बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर कभी सुंदर हुआ करता था, लेकिन अब स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्वर्ण रेखा नदी में चल रहे अधूरे काम और एलिवेटेड रोड के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताई। दुबे ने चेतावनी दी कि यदि डेढ़ महीने के भीतर काम ठीक नहीं हुआ, तो बारिश में सड़कों पर गंदा पानी तैरता नजर आएगा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और निगम के इंजीनियरों को काम में भारी लापरवाही बरतने के लिए फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर कार्यों की धीमी गति और व्यवस्थाओं में कमी पाई। अपर मुख्य सचिव ने सबसे पहले सचिन तेंदुलकर मार्ग का निरीक्षण किया, जहां सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों की स्थिति देखी। इसके बाद उन्होंने गौशाला परिसर में स्थापित सीएनजी प्लांट का निरीक्षण कर संचालन और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने एलिवेटेड रोड के पास बने नाले का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


