तेजाब के झरने, ज्वालामुखी, जहरीली गैसें और सांपों का बसेरा! ये हैं दुनिया के 5 सबसे खतरनाक टूरिस्ट स्पॉट्स

तेजाब के झरने, ज्वालामुखी, जहरीली गैसें और सांपों का बसेरा! ये हैं दुनिया के 5 सबसे खतरनाक टूरिस्ट स्पॉट्स

Most Dangerous Places In The World: आजकल लोग सिर्फ सुकून भरी जगहों पर जाने या नॉर्मल ट्रैकिंग करने के अलावा कुछ नया और अलग ट्राई करना चाहते हैं। यही वजह है कि अब ‘एडवेंचर टूरिज्म’ बढ़ रहा है। यहां एडवेंचर का मतलब सिर्फ पहाड़ों पर घूमने या कोई छोटी-मोटी एक्टिविटी करने से नहीं है, बल्कि दुनिया की ऐसी खतरनाक जगहों को एक्सप्लोर करने से है जहां का मौसम जानलेवा है, जमीन खतरनाक है और जिंदा रहना बेहद मुश्किल होता है।

इन खतरों के बावजूद लोग इन जगहों की खूबसूरती और लाइफ-चेंजिंग एक्सपीरियंस के लिए जाना पसंद करते हैं। आइए, जानते हैं दुनिया की ऐसी ही 5 सबसे खतरनाक जगहों के बारे में-

डेथ वैली (Death Valley)

डेथ वैली अमेरिका के पूर्वी कैलिफोर्निया में मोजावे रेगिस्तान और ग्रेट बेसिन के पास स्थित है। यह उत्तरी अमेरिका का सबसे निचला, सबसे गर्म और सबसे सूखा स्थान है। यहां का तापमान अक्सर 50°C से ऊपर चला जाता है।

साल 1913 में यहां पृथ्वी का सबसे अधिक तापमान 56.7°C दर्ज किया गया था। यही कारण है कि डेथ वैली को दुनिया की सबसे गर्म जगहों में गिना जाता है। यहां का सूखा माहौल, पानी की कमी और झुलसाने वाली गर्मी किसी की भी जान ले सकती है।

इसके बावजूद टूरिस्ट यहां के खूबसूरत नमक के मैदान (Salt Flats), रंग-बिरंगे पहाड़ और रात में आसमान में चमकने वाले शानदार तारों को देखने आते हैं। इसके अलावा यह घाटी अपने आप खिसकने वाले पत्थरों (Racetrack Playa) के रहस्य के लिए भी दुनिया भर में मशहूर है। यहां घूमने के लिए सर्दियों और शुरुआती बसंत का मौसम सबसे सही माना जाता है।

दानाकिल डिप्रेशन (Danakil Depression)

दानाकिल डिप्रेशन उत्तर-पूर्वी अफ्रिका में स्थित इथियोपिया के ‘अफार’ क्षेत्र में मौजूद है। इसका कुछ हिस्सा इरिट्रिया और जिबूती की सीमाओं तक भी फैला हुआ है। पूरे साल के औसत तापमान को देखें, तो यह पृथ्वी के सबसे गर्म स्थानों में से एक है।

यहां लगातार होने वाली भूगर्भीय हलचलों (Geological activities) के कारण उबलते हुए तेजाब (Acid) के झरने, रंग-बिरंगी खारे पानी की झीलें, एक्टिव ज्वालामुखी, जहरीली गैसें और नमक के मैदान देखने को मिलते हैं।

इसे देखकर ऐसा लगता है मानो आप किसी दूसरी ही दुनिया में आ गए हों। इस जानलेवा गर्मी और ज्वालामुखी के खतरे के बाद भी लोग यहां के अजीबोगरीब और खूबसूरत नजारों को देखने पहुंचते हैं।

स्नेक आइलैंड (Snake Island)

दुनियाभर में ‘स्नेक आइलैंड’ के नाम से सबसे मशहूर द्वीप ‘इल्हा दा क्यूइमाडा ग्रांडे’ है। यह अटलांटिक महासागर में ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के तट से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है।

इसे दुनिया के सबसे खतरनाक स्थानों में से एक माना जाता है क्योंकि यहां दुनिया के सबसे जहरीला सांप में से एक ‘गोल्डन लांसहेड वाइपर’ (Golden Lancehead Viper) पाया जाता है।

सुरक्षा कारणों से ब्राजील सरकार ने यहां आम लोगों और टूरिस्ट्स के जाने पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है। भले ही लोग यहां खुलकर घूम नहीं सकते, लेकिन इस द्वीप की खौफनाक और रहस्यमयी कहानियों की वजह से यह आज भी डॉक्यूमेंट्री मेकर्स, रिसर्चर्स और एडवेंचर लवर्स के बीच चर्चा का विषय यह जगह है।

माउंट एवरेस्ट (Mount Everest)

माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी कुल ऊंचाई 8848.86 मीटर है। यह नेपाल और तिब्बत की सीमा पर हिमालय की महालंगुर पर्वत श्रृंखला में स्थित है। इस पर्वत को अलग-अलग जगहों पर अलग नामों से जाना जाता है, जैसे नेपाल में इसे ‘सागरमाथा’ (आकाश की देवी) और तिब्बत में ‘चोमोलुंगमा’ (ब्रह्मांड की माता) कहा जाता है।

माउंट एवरेस्ट को दुनिया की सबसे खतरनाक टूरिस्ट जगहों में गिना जाता है। यहां हर वक्त बर्फ के तूफान (Avalanches), ऑक्सीजन की भारी कमी और अचानक बदलने वाले मौसम का खतरा बना रहता है। इन सब खतरों को जानने के बाद भी दुनिया भर के पर्वतारोही (Climbers) इस पर चढ़ने की कोशिश करते हैं।

अंटार्कटिका महाद्वीप (Antarctica Continent)

अंटार्कटिका पृथ्वी के सबसे दक्षिणी भाग में स्थित दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा महाद्वीप है। यह पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध (Southern Hemisphere) में मौजूद है और चारों तरफ से दक्षिणी महासागर से घिरा हुआ है। इसका लगभग 98% हिस्सा हमेशा बर्फ की मोटी चादर से ढका रहता है।

यह दुनिया का सबसे ठंडा, शुष्क और तूफानी महाद्वीप है, जहां सर्दियों में तापमान -90°C तक गिर जाता है। इतने खतरनाक मौसम में किसी भी आम इंसान का रुकना नामुमकिन सा है। लेकिन फिर भी, टूरिस्ट यहां के विशालकाय बर्फ के पहाड़ों (Icebergs), ग्लेशियर, पेंगुइन, व्हेल मछली और कभी न छुए गए बर्फीले नजारों को देखने पहुंचते हैं।

आजकल स्पेशल क्रूज (Expedition Cruises) की सुविधा होने के कारण अंटार्कटिका जाना एडवेंचर पसंद करने वालों के लिस्ट में रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *