डॉक्टर पर हमले के आरोपी अब तक फरार:अरिसदा ने दी आंदोलन की चेतावनी, प्रशासन को 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

डॉक्टर पर हमले के आरोपी अब तक फरार:अरिसदा ने दी आंदोलन की चेतावनी, प्रशासन को 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

झालावाड़ जिले के बकानी में 11 मई को रात्रि ड्यूटी पर तैनात डॉ. नरेश बाबू पर हुए हमले के मामले में अब तक दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर डॉक्टरों ने विरोध जताया है। अखिल राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ (अरिसदा) की झालावाड़ जिला इकाई ने इस संबंध में आंदोलन की चेतावनी दी है। अरिसदा के जिलाध्यक्ष और महासचिव के नेतृत्व में जिले के सेवारत डॉक्टरों ने सचिवालय पहुंचकर जिला कलेक्टर और एडिशनल एसपी भागचंद मीना को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने घटना के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर नाराजगी व्यक्त की। ज्ञापन में आगामी 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। डॉक्टरों ने मांग की है कि यदि इस तय समय में दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो 23 मई से जिले के सभी सेवारत डॉक्टर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे और काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अरिसदा ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो वे राज्य कार्यकारिणी से समन्वय स्थापित कर राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश अग्रवाल, महासचिव डॉ. कुलवीर सिंह राजावत, डॉ. मुकेश नागर, डॉ. अरविंद नागर, डॉ. रामसिंह जाट, डॉ. लविश पाटीदार, डॉ. हेमंत, डॉ. नरेश बाबू, डॉ. फैज खान और डॉ. इसशाद अली शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *