गोरखपुर जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और मानवीय क्षति को रोकने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में “एक्सीडेंट ऑडिट व्हीकल” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह पहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक यातायात व क्षेत्राधिकारी कैण्ट/लाइन्स के पर्यवेक्षण में “Zero Fatality District (ZFT)” कार्यक्रम के तहत की गई है। इसके अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर “क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (CC Team)” का गठन किया गया है, जिसमें एक उप निरीक्षक एवं उनकी टीम शामिल है।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों का होगा आंकलन
रवाना की गई एक्सीडेंट ऑडिट व्हीकल सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचेगी और सीसी टीम के साथ मिलकर दुर्घटना के कारणों का गहन विश्लेषण करेगी। मौके पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से भी घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का सटीक आकलन किया जा सके।
भविष्य में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने का प्रयास
जांच के दौरान सड़क की स्थिति, इंजीनियरिंग खामियां, यातायात व्यवस्था और अन्य संभावित कारणों की भी विस्तार से पड़ताल की जाएगी। गंभीर दुर्घटनाओं की स्थिति में यातायात के राजपत्रित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे।
इस एक्सीडेंट ऑडिट व्हीकल के साथ एक यातायात उप निरीक्षक एवं उनकी टीम को तैनात किया गया है, जो आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं। यातायात पुलिस की यह पहल न केवल दुर्घटनाओं के कारणों को चिन्हित करने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और हादसों में कमी लाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


