बालोद शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग सदर मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए बार-बार मापदंड बदला जा रहा है। नगर पालिका के मुताबिक सदर मार्ग में अब मुख्य सड़क के दोनों ओर सफेद पट्टी से साढ़े 3 मीटर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इस संबंध में बीते दिनों प्रशासन की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके पहले व्यापारियों की प्रशासन के साथ हुई बैठक में मात्र 2-2 मीटर अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया था। नगर पालिका जल्द सदर मार्ग, मधु चौक मार्ग सहित अन्य दो और मार्गों में चिह्नांकन करेगी। प्रशासन ने शहर के अन्य जगहों से अतिक्रमण आसानी से हटा दिया। सदर मार्ग की बारी आई तो सोच विचार चल रहा है।
17 अप्रैल तक दिखाने होंगे जमीन के दस्तावेज
सदर मार्ग, दुर्गा मंदिर से सदर मार्ग, हलधर नाथ योगी चौक से मधु चौक मार्ग पर निवासरत लोगों को जमीन के दस्तावेज प्रस्तुत करने 17 अप्रैल तक समय दिया गया है। इसके बाद राजस्व व नगर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। नगर पालिका भी जमीन का चिह्नांकन व सीमांकन कर एसडीएम को रिपोर्ट सौंपेगी। हालांकि जमीन के दस्तावेज जमा करने के बाद लोगों को खुद अतिक्रमण हटाना है। यदि नहीं हटाया तो फिर प्रशासन हटाएगा।
यह भी पढ़ें :
सेहत से खिलवाड़ : राजहरा की दो डेयरी का दूध अमानक, तीन पानी फैक्ट्रियों को नोटिस
चर्चा : गरीबों पर सीधी कार्रवाई, रसूखदारों पर रहम
जिला मुख्यालय में अभियान के तहत शुरुआत में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, लेकिन सदर मार्ग क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बारी आई तो समय पर समय दिया जा रहा है। इस पर लोग सोशल मीडिया में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक सोशल मीडिया ग्रुप में लिखा है कि यहां कार्रवाई अलग-अलग की जाती है। किसी पर त्वरित कार्रवाई तो किसी को अतिक्रमण हटाने समय दिया जाता है।
यह भी पढ़ें :
बालोद सदर मार्ग होगा अतिक्रमण मुक्त
सदर मार्ग में कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति तो नहीं
एक ने लिखा कि प्रशासन में दम नहीं कि वह सदर मार्ग को पूरी तरह से कब्जा मुक्त कर सके। कुछ लोगों ने लिखा कि कहीं यह कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति के लिए तो नहीं है। अतिक्रमण पर कार्रवाई सब पर नियम के तहत होनी चाहिए।
राजस्व रिकॉर्ड में यह है सड़क की स्थिति
राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रामदेव चौक से मधु चौक तक सड़क की चौड़ाई 20-30 मीटर है, लेकिन वर्तमान में यह 8-11 मीटर चौड़ी है। लगभग 10 मीटर जमीन पर कब्जा है। दुर्गा मंदिर से सदर मार्ग पर रिकॉर्ड में 10 से 18 मीटर चौड़ी सड़क है, जबकि वर्तमान में मात्र 6 से 8 मीटर है। घड़ी चौक से सदर मार्ग पर रिकॉर्ड में 20 से 25 मीटर चौड़ी सड़क है। वर्तमान में यह 5 से 8 मीटर ही चौड़ी है। हलधर नाथ योगी चौक से पुराना भारत जनरल स्टोर तक सड़क की चौड़ाई रिकॉर्ड में 20 से 46 मीटर है। वर्तमान स्थिति में मार्ग 6 से 14 मीटर ही है।
अतिक्रमण हटाने चार टीम गठित
नगर पालिका बालोद सीएमओ मोबिन अली ने कहा कि सदर मार्ग के दोनों ओर बनी सफेद पट्टी से साढ़े 3-3 मीटर अतिक्रमण हटाना है। इसके लिए मार्किंग की जाएगी। यहां निवासरत लोगों को जमीन के दस्तावेज भी दिखाने होंगे। फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


