शाजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर एचपी बाबू पेट्रोल पंप के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे तीन पहिया लोडिंग ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में कच्चे केले भरे हुए थे, जो सड़क पर बिखर गए। लोडिंग ऑटो रिक्शा में भरी ईंटें भी सड़क पर फैल गईं। इस घटना से मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पर तैनात प्रधान आरक्षक पवन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य शुरू कराया और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया, जिससे मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सका। जानकारी के अनुसार, कच्चे केले से भरा ट्रक इंदौर से ग्वालियर की ओर जा रहा था, जबकि लोडिंग ऑटो रिक्शा शाजापुर से पनवाड़ी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना में केवल वाहनों और सामान का नुकसान हुआ है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।


