अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर दुखेड़ी मोड़ के पास वीरवार देर शाम को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। हादसे के कारण हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के चलते दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बोनट से धुआं निकलते ही संभले चालक
अंबाला कैंट निवासी श्याम सिंह अपनी आई-20 कार से करनाल से अंबाला कैंट लौट रहे थे। उनके साथ चालक भी मौजूद था। रास्ते में अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए दोनों तुरंत कार से बाहर निकल आए। पहले उन्होंने खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई और कार को पूरी तरह चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में कार बनी आग का गोला
देखते ही देखते कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयंकर थी कि आसपास खड़े लोग भी सहम गए। कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। फ्लाईओवर निर्माण बना जाम का कारण
हादसे के समय फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते सर्विस लेन पर पहले से ही वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। कार में आग लगने के बाद यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और जाम करीब 5 किलोमीटर तक फैल गया। दमकल की गाड़ी को भी जाम के कारण गलत दिशा से होकर मौके पर पहुंचना पड़ा। दमकल टीम ने पाया आग पर काबू
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत यह रही कि समय रहते कार सवार बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।


