प्रतापगढ़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:हत्या के प्रयास, फायरिंग समेत चार गंभीर मामलों में फरार था

प्रतापगढ़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:हत्या के प्रयास, फायरिंग समेत चार गंभीर मामलों में फरार था

प्रतापगढ़ पुलिस ने फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी वैभव कुमार त्रिपाठी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को पट्टी प्रेमधर पट्टी के तालाब के पास से दबोचा। पुलिस के अनुसार, वैभव के खिलाफ हत्या का प्रयास, फायरिंग, छेड़खानी, मारपीट और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है और वह सिधारी पट्टी प्रेमधर का निवासी है। बताया गया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के सागर गांव में एक दुकान पर परफ्यूम को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ अवैध असलहों से लैस होकर पहुंचा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। फरार चल रहे वैभव त्रिपाठी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और कारतूस उसने किशुनदासपुर पुल के पास एक मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिट्टी के नीचे छिपा दिए थे। पुलिस उसकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *