फोटो दिखाकर तय हुई शादी में बड़ा खेल! असली दूल्हे की जगह दूसरे युवक को देख भड़का कन्या पक्ष

फोटो दिखाकर तय हुई शादी में बड़ा खेल! असली दूल्हे की जगह दूसरे युवक को देख भड़का कन्या पक्ष

दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र में शादी के दौरान दूल्हा बदलने का मामला सामने आया। कन्या पक्ष का आरोप है कि शादी तय करते समय एक युवक की तस्वीर दिखाई गई, लेकिन बारात में दूसरा दूल्हा लाया गया। इससे नाराज लोगों ने दो महिलाओं समेत पांच बारातियों को बंधक बना लिया। 

बिहार के दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के एक गांव में दूल्हा बदलने का मामला सामने आया है। मंडप पर तय लड़के की जगह दूसरे दूल्हे को देखकर कन्या पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान कन्या पक्ष ने वर पक्ष के साथ आई दो महिलाओं समेत पांच बारातियों को पकड़ लिया। हंगामा कर रही महिलाओं का आरोप था कि शादी तय कराने के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये और अन्य सामान लिए गए थे। उनका कहना था कि जब तक पूरी रकम और सामान वापस नहीं किया जाएगा, तब तक किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।

फोटो में दिखाया एक दूल्हा, मंडप में पहुंचा दूसरा

कन्या पक्ष के लोगों का आरोप है कि महिलाओं ने शादी तय करते समय एक लड़के की तस्वीर दिखाई थी, लेकिन बारात में किसी दूसरे युवक को दूल्हा बनाकर ले आईं। उनका कहना था कि वर पक्ष ने जानबूझकर ऐसा किया। कन्या पक्ष के अनुसार, उन्हें पहले से अंदेशा था कि दूल्हा बदलने को लेकर विवाद हो सकता है, इसलिए बारात देर रात पहुंचाई गई।

क्या है मामला

जाले थाना क्षेत्र की रहने वाली दो महिलाओं ने अपने परिचित में लड़की की शादी कराने की बात कहकर कन्या पक्ष का भरोसा जीत लिया। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने एक युवक की तस्वीर भी दिखाई। शादी तय होने के बाद दोनों महिलाओं ने कन्या पक्ष से 30 हजार रुपये और अन्य सामान ले लिए।

हालांकि, शादी के समय जो दूल्हा बारात लेकर पहुंचा, वह तस्वीर में दिखाए गए युवक से अलग था। बारात राजस्थान से आई थी और वर पक्ष के साथ केवल एक रिश्तेदार मौजूद था। दूल्हा बदला हुआ देखकर कन्या पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए सभी को रोक लिया। बाद में पंचायत के हस्तक्षेप के बाद इस शर्त पर उन्हें छोड़ा गया कि ली गई रकम और सामान वापस किए जाएंगे।

पंचायत में सुलझाने की कोशिश

विवाद बढ़ने पर जाले थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कन्या पक्ष शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग कर रहा था। हालांकि, स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी कारण कुछ देर बाद पुलिस वापस लौट गई। पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों में से किसी की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *