उज्जैन में बाहरी आवाजाही से परेशान छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं:अभद्रता और सीसीटीवी बंद कराने के लगाए आरोप; संयुक्त कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

उज्जैन में बाहरी आवाजाही से परेशान छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं:अभद्रता और सीसीटीवी बंद कराने के लगाए आरोप; संयुक्त कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

उज्जैन में आदिवासी कन्या महाविद्यालयीन छात्रावास में बाहरी व्यक्ति की बार-बार आवाजाही और हस्तक्षेप से परेशान 50 छात्राएं सोमवार को दोपहर 3 बजे करीब सामूहिक शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने सोनू कुशवाहा नामक व्यक्ति पर छात्रावास परिसर में अनधिकृत रूप से आने, छात्राओं और अधीक्षिका से अभद्रता करने तथा उनकी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं ने छात्रावास के सीसीटीवी कैमरे बंद करवाने अथवा हटवाने की आशंका भी जताई है। उनका आरोप है कि संबंधित व्यक्ति का छात्रावास की व्यवस्थाओं से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। संबंध नहीं है, इसके बावजूद वह बार-बार परिसर में आता है। छात्राओं ने कलेक्टर के नाम दिए ज्ञापन में बताया कि सोनू कुशवाहा लगभग हर दूसरे-तीसरे दिन छात्रावास आते हैं। कई बार रात 8 से 9 बजे के बीच भी उनकी आवाजाही रहती है। छात्रा किरण सूर्यवंशी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने 4-5 छात्राओं से बदतमीजी की है। वार्डन से भी तू-तड़ाक में बात करते हुए कहा कि ‘तू होती कौन है बोलने वाली’। छात्राओं का कहना है कि वे किसी के निजी जीवन पर सवाल नहीं उठा रहीं, लेकिन छात्रावास में उनके आने और छात्राओं के मामलों में हस्तक्षेप करने का अधिकार क्या है, यह स्पष्ट होना चाहिए। वार्डन बोलीं- दिन में 4-5 बार आते हैं, 8 अक्टूबर को की थी शिकायत छात्रावास की अधीक्षिका प्रीति चंदेल ने बताया कि सोनू कुशवाहा आदिम जाति कल्याण विभाग के संभागीय उपायुक्त के वाहन चालक हैं। उनका छात्रावास से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है। इसके बावजूद वे दिन में 4 से 5 बार परिसर में आते हैं। रात में भी उनका आना-जाना बना रहता है। चंदेल के अनुसार, वे छात्रावास की अधीक्षिका पवित्रा परमार से मिलने आते हैं और उनके निवास के साथ छात्रावास परिसर में भी पहुंचते हैं। उन्होंने 8 अक्टूबर को जिला संयोजक और संभागीय उपायुक्त को इस संबंध में शिकायत देकर गतिविधियों से अवगत कराया था। वार्डन का आरोप है कि इस स्थिति से छात्राओं की पढ़ाई और छात्रावास की शासकीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बिना नंबर प्लेट के वाहनों से आने का आरोप

छात्राओं ने शिकायत में बताया कि सोनू कुशवाहा थार, स्कूटर और अन्य वाहनों से छात्रावास आते हैं, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी होती। छात्राओं का दावा है कि उनके पास संबंधित वाहनों के फोटो और वीडियो प्रमाण भी हैं। उन्होंने इनकी जांच कराने की मांग की है। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर विभाग में भेजी जाती है। पेयजल संकट के दौरान भी संबंधित व्यक्ति द्वारा हस्तक्षेप किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। संयुक्त कलेक्टर बोलीं- सभी आरोपों की जांच होगी कलेक्टर के नाम ज्ञापन लेने वाली संयुक्त कलेक्टर शिवानी तरेटिया ने बताया कि छात्राओं ने एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद शिकायत की है। आरोप है कि वह निर्धारित नियमों के विपरीत और असमय छात्रावास परिसर में प्रवेश करता है। छात्राओं ने उसके प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत में आए सभी बिंदुओं की जांच कराई जाएगी और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे हटाने के आरोप पर भी उन्होंने जांच कराने की बात कही। दो-तीन दिन में समाधान का आश्वासन छात्रा किरण सूर्यवंशी ने बताया कि वे कलेक्टर से मिलना चाहती थीं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उनकी ओर से भेजी गई अधिकारी ने दो से तीन दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें सुरक्षा नहीं मिली तो वे मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी शिकायत लेकर जाएंगी। मामले में सोनू कुशवाहा से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनका पक्ष मिलने पर प्रकाशित किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *