नरसिंहपुर के चावरपाठा पशु अस्पताल में शासकीय काम के दौरान पशु चिकित्सक डॉ. राजीव जैन के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के बाद सोमवार को पशु चिकित्सकों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। दूसरे मेडिकल स्टोर से दवा लेने पर विवाद का आरोप पशु चिकित्सकों के आवेदन के मुताबिक, मेडिकल संचालक अपनी दुकान से दवा नहीं लेने और दूसरे मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने की बात से नाराज था। इसी वजह से विवाद हुआ। आवेदन में बताया गया है कि 29 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे डॉ. राजीव जैन चावरपाठा पशु चिकित्सालय में कोमल पॉली की भैंस का इलाज कर रहे थे। तभी अभिजीत लोधी अपने सुरक्षा कर्मी के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने शासकीय काम में रुकावट डाली और अभिलेखों से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप आवेदन के अनुसार, विरोध करने पर अभिजीत लोधी ने डॉ. जैन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद डॉ. जैन ने बरमान पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उसी दिन बरमान कला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। एफआईआर की प्रति नहीं मिलने की शिकायत पशु चिकित्सकों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें एफआईआर की प्रति नहीं मिली। सोमवार को एसपी को दिए आवेदन में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और डॉक्टरों को सुरक्षा देने की मांग की है।

