फरीदकोट के तलवंडी रोड स्थित कटारिया पेट्रोल पंप के पास सोमवार बाद दोपहर करीब 3:30 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार वेटरनरी डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव पक्का निवासी 35 वर्षीय अमनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. अमनप्रीत सिंह अपने गांव पक्का से मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरीदकोट शहर आ रहे थे। जैसे ही वह कटारिया पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक बेटे और एक बेटी का पिता थे हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। मृतक के चाचा गुरमेल सिंह ने बताया कि अमनप्रीत सिंह पेशे से वेटरनरी डॉक्टर थे और अपने पीछे दो छोटे बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गए हैं। CCTV खंगाल रही पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज एएसआई अंगरेज सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में ले लिया है और गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसएचओ ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

