कोटा में दशहरा मेला देखकर लौट रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार थार गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। टक्कर के बाद थार गाड़ी अंडरपास के डिवाइडर में फंस गई, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह घटना गोविंद नगर रेलवे अंडरपास पर रविवार देर रात हुई। जानकारी के अनुसार- उत्तम अपने दो दोस्तों के साथ दशहरा मेला देखकर स्कूटी से घर लौट रहा था। गोविंद नगर अंडरपास के नीचे तेज रफ्तार ब्लैक थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को देखकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो युवकों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायल के पिता बोले- थार ड्राइवर ने खर्च के लिए कहा, नहीं पहुंचा अस्पताल घायल उत्तम के पिता ने बताया- थार ड्राइवर फोन पर घायलों के इलाज का खर्च उठाने की बात कह रहा है, लेकिन अभी तक अस्पताल नहीं पहुंचा है। वहीं पुलिस कॉन्स्टेबल राकेश के अनुसार- हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग गया। उद्योग नगर थाना पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

