जिला पठानकोट के थाना तारागढ़ के अधीन आते गांव सिहोड़ा कलां में पुरानी रंजिश के चलते 10-12 लोगों ने एक घर में घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने व्यक्ति के माथे पर रिवॉल्वर तानी और दातार, बेसबॉल तथा हॉकी स्टिक से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और डॉक्टरी रिपोर्ट के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव सिहोड़ा कलां ने निवासी ज्ञान चंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दोपहर के समय अपनी दुकान पर था। इसी दौरान उसके साले चंदन का फोन आया कि उनके घर पर 10-12 हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही वह तुरंत अपनी मोटरसाइकिल से साले के घर पहुंचा, जहां बाहर पहले से 2 गाड़ियां खड़ी थीं। माथे पर रिवॉल्वर तानी, दातार और हॉकी से की मारपीट ज्ञान चंद ने आरोप लगाया कि जैसे ही वो घर के अंदर दाखिल हुआ, एक हमलावर ने उसके माथे पर रिवॉल्वर रख दी और गोली मारने की धमकी दी। जब उसने विरोध किया, तो हमलावर ने रिवॉल्वर की बट से ही उसके सिर पर प्रहार कर दिया। इसी दौरान दूसरे हमलावर ने उसके सिर पर दातर से वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव में बाजू आगे करने पर उसकी बाजू में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बाकी हमलावरों ने बेसबॉल बैट और हॉकी स्टिक से उसकी टांगों व बाजुओं पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। 35-40 हजार की नगदी व सोने की चेन लूटी पीड़ित ज्ञान चंद ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जमीन पर पड़े होने के दौरान उसकी जेब से 35 से 40 हजार रुपये की नकदी और गले से 2 तोले सोने की चेन भी उतार ली। पीड़ित का कहना है कि इस पूरी वारदात के पीछे मुख्य रूप से तीन लोगों का हाथ है। कुछ दिन पहले भी हमलावर ने उसके साले के घर आकर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित मौजूद है। तारागढ़ पुलिस ने घायल की शिकायत पर साजिल, चौधरी, मनोज कुमार, गोल्डी समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

