बाराबंकी में रविवार शाम तेज रफ्तार सफारी एसयूवी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सफारी में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सफारी चालक को पकड़कर पीटा और हाईवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने उसे ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। देखें 2 तस्वीरें…
अब जानें पूरा मामला… पुलिस के मुताबिक बैसनपुरवा बस स्टॉप के पास रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार सफारी कार ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पहिए में फंसकर बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। कार सवार आयोध्या से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान दलसिंहपुर गांव निवासी अनूप कुमार (26), बिमलेश (22) और अनिल कुमार (20) के रूप में हुई। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे। फरवरी में होनी थी विमलेश की शादी विमलेश की फरवरी 2027 में शादी होनी थी। वह कक्षा 11 का छात्र था और पढ़ाई के साथ परिवार का काम में हाथ बटाता था। दो भाइयों में सबसे छोटा विमलेश परिवार का सहारा बनने की कोशिश कर रहा था। उसके पिता रमाकांत मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत के बाद देर रात तक परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल रहे। हादसे में जान गंवाने वाले अनिल यादव खेती करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। वहीं, अनूप दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता दान बहादुर छोटी जोत के किसान हैं। हादसे ने परिवार की उम्मीदों को तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, चारों युवक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। तीन मौतों से भड़के ग्रामीण, हाईवे पर लगाया जाम एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। CHC पहुंचे राज्यमंत्री सतीश शर्मा हादसे की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। एक साथ तीन युवकों की मौत से दलसिंहपुर गांव में शोक का माहौल है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच गम और आक्रोश दोनों देखने को मिले। हाईवे पार करते समय सफारी ने मारी टक्कर नगर पंचायत रामसनेहीघाट के धरौली निवासी अनूप (18), विमलेश (19), अनिल यादव और गया प्रसाद (17) दो बाइकों से भंडारे का प्रसाद लेने जा रहे थे। बैसनपुरवा के पास हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार सफारी ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। 200 मीटर तक घिसटती चली गई बाइक टक्कर के बाद एक बाइक सफारी में फंस गई और करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। कुछ देर बाद अनिल यादव का शव हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। चालक को पकड़कर पीटा, पुलिस ने हिरासत में लिया हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सफारी चालक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने उसे ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया। एसयूवी में सवार दो अन्य लोगों को भी पुलिस अपने साथ ले गई, जबकि एक व्यक्ति मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक वाहनों की कतार लगी रही। पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया। रात में कराया गया तीनों शवों का पोस्टमार्टम देर रात तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। जिलाधिकारी के आदेश पर रात में ही पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव गांव भेज दिए गए। राज्यमंत्री सतीश शर्मा के प्रतिनिधि जवाहरलाल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

