कैथल में धनतेरस, दीपावली व अन्य त्योहारों पर शहर में बढ़ रही भीड़ और वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए हैं। जिला पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार में प्रवेश करने वाले प्वाइंटों पर नाके लगाने शुरू कर दिए हैं। शहर में कुल 16 प्वाइंटों पर ये नाके लगाए जाएंगे। इन नाकों पर करीब 150 पुलिस कर्मचारी दिन रात ड्यूटी करेंगे। इसके अलावा पुलिस ने 12 राइडर भी लगाए हैं, जो दिन रात शहर की सड़कों पर गश्त करेंगे। डायल 112 की दो गाड़ियां लगाई डायल 112 की दो गाड़ियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए बाजारों में तैनात कर दिया है। इसके अलावा सभी थाना व चौकियों के प्रभारियों को भी अलर्ट कर दिया गया है कि वे पूरी तरह चौकन्ना रहें। शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें। अगर कहीं पर किसी प्रकार की घटना होती है तो तुरंत आरोपियों को काबू किया जाए व नियम अनुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इन जगहों पर लगे नाके पुलिस की ओर से शहर में कमेटी चौक, रेलवे गेट, माता गेट, प्रताप गेट, पुराना बस स्टैंड, चंदाना गेट, डॉ. अंबेडकर चौक, डोगरा गेट, सीवन चौक, भगत सिंह चौक, कबूतर चौक व छात्रावास रोड पर नाका लगाया गया है। इसके अलावा बाजार में प्रवेश करने वाले अन्य रास्तों पर भी पुलिस की ओर से कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। चार पहिया वाहन का प्रवेश बंद ट्रैफिक एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि फेस्टिवल सीजन को देखते शहर के बाजारों में चार पहिया वाहनों की एंट्री बाजार में बंद कर दी गई है। किसी भी चार पहिया वाहन को बाजारों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उनके लिए वाहन ड्राइवर अपने वाहनों को खाली जगह में पार्क कर सकते हैं, जहां पर किसी को आने-जाने में परेशानी न हो और यातायात सुचारू रहे। अगर कोई भी वाहन ड्राइवर नियमों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उसका चालान किया जा सकता है और जरूरत पड़ी तो वाहन को जब्त भी किया जा सकता है।

