गोड्डा में हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत:हाट से सब्जी खरीदकर घर लौटते समय हादसा, लोग बोले- नो एंट्री सिस्टम करें लागू

गोड्डा में हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत:हाट से सब्जी खरीदकर घर लौटते समय हादसा, लोग बोले- नो एंट्री सिस्टम करें लागू

गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 पर महादेव बथान के समीप तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार प्रभास कुमार भारती (50) की मौत हो गई। वह पथरगामा थाना क्षेत्र के हीलाबय गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, प्रभास हाट से सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोड्डा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभास ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कोयला लदे हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर एनएच-133 जाम कर दिया। बांस-बल्लियां लगाकर रोका आवागमन, नो एंट्री लागू करने की मांग आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर बांस-बल्लियां लगाकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि महागामा में नो एंट्री लागू रहने के बावजूद ईसीएल की हुर्रासी खदान से अडानी पावर प्लांट तक कोयला लेकर जाने वाले हाइवा धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें ओवरलोड वाहन भी शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित परिचालन के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही कोयला लदे हाइवा के परिचालन पर रोक लगाई जाए और नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन कराया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि लिखित आश्वासन और मुआवजे की मांग पूरी होने के बाद ही जाम हटाया जाएगा। एनएच-133 पर लगी वाहनों की लंबी कतार घटना की सूचना मिलने पर महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। सड़क जाम के कारण एनएच-133 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी हुई। कई यात्रियों को पैदल ही आगे का सफर तय करना पड़ा। ग्रामीणों की मुख्य मांग कोयला परिवहन करने वाले हाइवा पर रोक और नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन कराने की थी। इसके अलावा वे मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजा भी मांग रहे थे। घंटों तक चले जाम के बाद पुलिस के प्रयास से सड़क जाम हटा दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *