गांजा बेचने-सप्लाई करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:दो थानों की पुलिस को 1.19 किलो गांजा मिला, एक आरोपी खरगोन से पकड़ा

गांजा बेचने-सप्लाई करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार:दो थानों की पुलिस को 1.19 किलो गांजा मिला, एक आरोपी खरगोन से पकड़ा

खंडवा में गांजा बेचने और सप्लाई करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। बीते शुक्रवार रात मोघट रोड पुलिस ने रेलवे ब्रिज के पास एक युवक को 110 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा। वहीं, शनिवार को सिटी कोतवाली पुलिस ने चीराखदान मल्टी के पीछे बाइक से गांजा पहुंचाने आए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 किलो 190 ग्राम गांजा और एक बाइक जब्त की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 4,800 रुपए बताई गई है। तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। बाइक से गांजा पहुंचाने आए थे दो आरोपी पहली कार्रवाई शनिवार को सिटी कोतवाली पुलिस ने चीराखदान मल्टी के पीछे की। पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए खड़ा है। दूसरा व्यक्ति बाइक से गांजे की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति बाइक से वहां पहुंचा। वह बाइक पर टंगी कपड़े की थैली दूसरे व्यक्ति को देने लगा। तभी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 1 किलो 80 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजे के साथ बजाज प्लेटिना बाइक भी जब्त की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रमेश पिता कमल गोहर (41), निवासी सुंदरनगर, चीराखदान और मोहनसिंह पिता रमसिंग रावत (30), निवासी ग्राम सांगवी, भीकनगांव जिला खरगोन के रूप में हुई है। रेलवे ब्रिज के पास गांजा बेचने खड़ा था युवक दूसरी कार्रवाई शुक्रवार रात मोघट रोड पुलिस ने बड़गांव भीला रोड स्थित रेलवे ब्रिज के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक गांजा बेचने के लिए खड़ा है। इसके बाद चौकी प्रभारी सुभाष नावडे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 110 ग्राम गांजा मिला। आरोपी की पहचान आमीन पिता रज्जाक खान (19), निवासी रामेश्वर टेकड़ा, थाना मोघट रोड के रूप में हुई है। सप्लाई से जुड़े लोगों की तलाश दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 किलो 190 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपए बताई गई है। पुलिस ने एक बजाज प्लेटिना बाइक भी जब्त की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सिटी एसपी अभिनव बारंगे के अनुसार, गांजे की खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई में कौन-कौन शामिल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *