महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में वाराणसी की टीम ने मेरठ मंडल को 55-40 अंकों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पूरे मुकाबले में वाराणसी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ की टीम को बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया। मेरठ मंडल को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 31 अक्टूबर तक चली चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह रहा। खिताबी भिड़ंत में वाराणसी ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और अंततः 15 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त अखिलेश यादव ने विजेता वाराणसी और उपविजेता मेरठ मंडल की टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत के साथ अनुशासन और खेल भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों को प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। मैदान पर किसी खिलाड़ी को चोट पहुंचाना खेल भावना के विपरीत है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार, पूर्व नगर विधायक विवेक बंसल, डॉ. ए.के. सिंह, रजत चौधरी, शशांक गुप्ता, डॉ. राकेश सक्सेना, अमित पाल, विनीत गौतम, अफजाल हमीद, प्रमोद कुमार शर्मा, दाऊदयाल गुप्ता, अरविंद यादव, किशनलाल अरोड़ा, मुकेश कुमार, मोहम्मद नदीम, मीनाक्षी गौड़, लोकेश कांत और विकास चौहान सहित वरिष्ठ खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अंत में क्रीड़ाधिकारी पूनम लता राज ने मुख्य अतिथि, जिला प्रशासन, मेडिकल टीम, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

