धौलपुर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोपों के जरिए झूठा नैरेटिव फैलाने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इसमें मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थान बदल चुके और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जाता है। जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में माहुर ने कांग्रेस से एसआईआर को लेकर सात सवाल भी पूछे। राजनीतिक असफलता छिपाने के लिए लगाए जा रहे आरोप माहुर ने कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस वोट चोरी जैसे आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक असफलता छिपाने की कोशिश कर रही है। एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार हो चुकी है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। 13 करोड़ नाम हटाने के दावे पर दी सफाई माहुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि जिन 13 करोड़ नामों को हटाने की बात कही जा रही है, वे वास्तव में सत्यापन के लिए चिन्हित किए गए नाम हैं। पात्र मतदाताओं को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलता है। सत्यापन के बाद पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। बीएलओ के साथ राजनीतिक दलों के एजेंट भी शामिल माहुर ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी शामिल रहते हैं। ऐसे में वोट चोरी के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कांग्रेस से विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने, मृत और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नामों के दुरुपयोग तथा एसआईआर पर कांग्रेस के पुराने रुख को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अस्थिरता पैदा करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस की नीतियों पर भाजपा नेताओं ने साधा निशाना भाजपा प्रदेश के पूर्व महामंत्री मोतीलाल मीणा ने कहा कि देश की आम जनता कांग्रेस के खिलाफ है और उसकी कथित देश विरोधी नीतियों को सफल नहीं होने देगी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कहा कि कांग्रेस देश के विकास में बाधा बन रही है और जनता उसकी मानसिकता पहचान चुकी है।

