श्रीगंगानगर में कलेक्टर-एसपी ने लगाई दौड़:सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

श्रीगंगानगर में कलेक्टर-एसपी ने लगाई दौड़:सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर निकली ‘रन फॉर यूनिटी’

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को श्रीगंगानगर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए निकाले गए मार्च में जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव और एसपी हरीशंकर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी, खिलाड़ी, स्टूडेंट्स और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक भी दौड़े। मार्च महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ। यहां से प्रतिभागी महाराजा गंगा सिंह चौक, भगत सिंह चौक, गोल बाजार और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस महाराजा गंगा सिंह चौक पहुंचे। इसके बाद डीएवी स्कूल मार्ग से होते हुए मार्च पुनः स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। सरदार पटेल के योगदान को किया याद कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी देशवासियों को एकता और सामाजिक समरसता के लिए प्रेरित करते हैं। मतदान के लिए जागरूक किया कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक वीरेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में विक्रम ज्याणी ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वीरेंद्रपाल सिंह ने श्रीगंगानगर को नशामुक्त बनाने के अभियान में आमजन से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वहीं, स्वीप समन्वयक रमन कुमार असीजा ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी नागरिकों से मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अमरचंद बोरड़, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एसडीएम नयन गौतम, जिला परिषद एसीईओ हरिराम चौहान, सीडीईओ अरविंदर सिंह, खेल अधिकारी हरजिंदर सिंह, विजय कुमार, सुखमन जोहल, योजना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खिलाड़ी, स्टूडेंट्स और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *