दौसा। राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत दौसा जिले की छह पंचायत समितियों की 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। इसके साथ ही गांवों की सरकार की तस्वीर भी साफ हो गई है। जिले की 64 ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच चुनी गई हैं। पंचायत समिति बांदीकुई में सबसे ज्यादा 19 महिला सरपंच चुनी गईं। वहीं, बैजूपाड़ा और बसवा में 9-9, महुवा में 9, मनोहरपुर खेड़ला में 11 और मंडावर में 7 महिलाओं ने जीत दर्ज की।
दौसा जिले की छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में पुरुष प्रत्याशी सरपंच बने है। महुवा में रामदयाल मीणा, जीतराम गुर्जर, इंद्र सिंह, हाकम सिंह, राधेश्याम गुर्जर और मानसिंह मीणा चुने गए। बैजूपाड़ा में बनवारी मीना, रामकेश मीना, लखन लाल मीना, धर्मसिंह मीना, लोकेश सिंह, रोहिताश बैरवा और रामवीर सैन ने जीत हासिल की। बांदीकुई में बनवारी सैनी, रमेश चंद मीणा, शेषअवतार, डालचंद, गिर्राज, दिनेश कुमार प्रजापत और राजेश बैरवा सहित कई पुरुष प्रत्याशी सरपंच बने। मनोहरपुर खेड़ला में धारा सिंह, शिवराज सिंह, हरकेश मीना, माखन लाल और उदयभान सिंह ने जीत हासिल की। वहीं मंडावर में अमरचंद मीणा, आजाद सिंह गुर्जर, हामिद, हिम्मत सिंह और कुलदीप सिंह सरपंच चुने गए।
बता दें कि दौसा जिले की छह पंचायत समितियों में शुक्रवार को शाम 6 बजे तक मतदान हुआ था। मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति 81.43 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही। वहीं, बांदीकुई में 80.90, बसवा में 80.74, बैजूपाड़ा में 79.72, मंडावर में 77.38 और महुवा में सबसे कम 77.36 प्रतिशत मतदान हुआ था। वोटिंग के बाद मतों की गिनती शुरू हुई और देर रात तक सभी ग्राम पंचायतों का रिजल्ट आ गया।