बेकाबू डंपर घर में घुसा, सो रही मां-बेटी की मौत:सागवाड़ा बाइपास पर हादसा; पिता और बेटा घायल, अस्पताल में भर्ती

बेकाबू डंपर घर में घुसा, सो रही मां-बेटी की मौत:सागवाड़ा बाइपास पर हादसा; पिता और बेटा घायल, अस्पताल में भर्ती

डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 927ए पर गलियाकोट पुल के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बेकाबू डंपर सड़क किनारे बने घर में घुस गया। हादसे में घर में सो रही मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर दीवार तोड़ते हुए घर के अंदर जा घुसा, जिससे परिवार को संभलने और बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दीवार तोड़कर कमरे में घुसा डंपर सागवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार बांसवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर सागवाड़ा बाइपास पर आईटीआई के पास अनियंत्रित हो गया। डंपर सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मां-बेटी की मौके पर मौत, पिता-बेटा घायल हादसे में कमरे में सो रही सुशीला मनात (45) और उनकी बेटी राधिका (15) की मौके पर ही मौत हो गई। उसी कमरे में सो रहा बेटा महेंद्र और बरामदे में सो रहे पति विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर की टक्कर से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मलबे और डंपर के बीच फंसे लोगों को निकाला सूचना मिलने पर सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और डंपर के बीच फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और तत्काल सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशीला और राधिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विनोद और महेंद्र को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। मां-बेटी के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार, गांव में मातम हादसे के बाद डंपर ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और पिता-बेटे के गंभीर घायल होने से परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *